दिल्ली में असामान्य रूप से बढ़ रही गर्मी, फरवरी में ही तापमान 30°C के करीब

By: Skymet team | Edited By:
Feb 12, 2025, 2:21 PM
WhatsApp icon
thumbnail image

दिल्ली में सामान्य से ज्यादा तापमान, फोटो: Canva

दिल्ली में फरवरी की शुरुआत से ही तापमान असामान्य रूप से बढ़ रहा है। लगातार तीसरे दिन अधिकतम तापमान पिछले दिन से अधिक दर्ज हुआ है। इस साल का अब तक का सबसे गर्म दिन रविवार, 9 फरवरी से शुरू हुआ और कल 11 फरवरी को हैट्रिक पूरी हो गई। फरवरी के शुरुआती दिनों में ही पारा 30°C तक पहुंचने के करीब है। सफदरजंग बेस स्टेशन पर अधिकतम तापमान 29.7°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 6°C अधिक है।

फरवरी में आमतौर पर कैसे रहता है तापमान: पेंटाड (पांच-दिवसीय औसत) के अनुसार फरवरी की शुरुआत में दिल्ली का औसत अधिकतम तापमान करीब 23°C होता है, जो महीने के अंत तक 26°-27°C तक पहुंचता है। आमतौर पर, 30°C तापमान फरवरी के अंतिम दिनों में देखने को मिलता है। आमतौर पर मार्च के मध्य से 30°C का तापमान दर्ज होने लगता है और महीने के अंत तक यह 35°C तक बढ़ जाता है।

क्यों बढ़ रहा है तापमान: लगातार तापमान बढ़ने का मुख्य कारण लंबे से समय से जारी शुष्क मौसम, धीमी सतही हवाएं और पश्चिमी हिमालय पर कमजोर पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव है। दिल्ली में आज भी तापमान बढ़कर 28°C तक पहुंच सकता है। हालांकि, आज रात पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने की संभावना है, जिससे 13 से 15 फरवरी के बीच पहाड़ों पर मौसम साफ हो जाएगा। इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलेंगी, जिससे तापमान में अंतर आएगा और निचले स्तर की हवाएं तेज होंगी। अगले तीन दिनों में तापमान के और अधिक बढ़ने की संभावना नहीं है। बल्कि, इस दौरान अधिकतम तापमान 2°-3°C तक कम हो सकता है।

ठंडक अधिक समय तक नहीं टिकेगी: हालांकि, इस हल्की ठंडक का प्रभाव ज्यादा लंबे समय तक नहीं रहेगा। 16 फरवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देगा, इसके बाद एक और विक्षोभ जल्द ही सक्रिय होगा। इससे दिन का तापमान फिर से बढ़कर 29°C तक पहुंचने की संभावना है। हालांकि, इन पश्चिमी विक्षोभों से बनने वाली प्रेरित प्रणालियाँ हल्की और छिटपुट बारिश ला सकती हैं। 16-17 फरवरी के दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा 19 से 21 फरवरी के बीच भी बारिश होने की संभावना है, जिसमें 20 और 21 फरवरी को बारिश होने के ज्यादा आसार हैं।

Advertisement
author image
Skymet team

डिस्क्लेमर: यह विश्लेषण स्काइमेट के मौसम संबंधी आंकड़ों, आंतरिक पूर्वानुमान मॉडल, मौसम केंद्रों से प्राप्त जानकारी, जलवायु संबंधी डेटा और स्काइमेट की मौसम विशेषज्ञ टीम के आकलन पर आधारित है। सटीक जानकारी देने का पूरा प्रयास किया गया है, लेकिन मौसम लगातार बदलने वाली प्राकृतिक प्रक्रिया है, इसलिए परिस्थितियां समय के साथ बदल सकती हैं। यह जानकारी केवल सामान्य सूचना के उद्देश्य से दी गई है और इसे अंतिम या पूरी तरह निश्चित मौसम पूर्वानुमान नहीं माना जाना चाहिए।

Skymet भारत की सबसे बेहतर और सटीक निजी मौसम पूर्वानुमान और जलवायु इंटेलिजेंस कंपनी है, जो देशभर में विश्वसनीय मौसम डेटा, मानसून अपडेट और कृषि जोखिम प्रबंधन समाधान प्रदान करती है