Skymet weather

[Hindi] कश्मीर और हिमाचल में जारी रहेगी बारिश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और ओड़ीशा में लू का प्रकोप

May 19, 2019 6:15 PM |

उत्तर-पश्चिम भारत में पिछले कई दिनों की अच्छी प्री-मॉनसून हलचल के बाद अब मौसम बदला है। हालांकि जम्मू कश्मीर के पास से एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ आगे निकल रहा है, जिसके कारण जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा 20 मई को भी जारी रहने की संभावना है।

पंजाब, हरियाणा तथा दिल्ली में मौसम साफ और शुष्क हो जाएगा। इन भागों में कई दिनों से हवाओं में नमी बनी हुई थी। बादल भी आते जाते रहे थे। रुक-रुक कर बारिश हो रही थी जिससे तापमान में व्यापक गिरावट आई थी। अब तापमान बढ़ेगा और सामान्य के आसपास पहुंच जाएगा। हालांकि लू से राहत अभी भी बरकरार रहेगी।

दूसरी ओर पश्चिमी और दक्षिणी राजस्थान के कुछ भागों में हल्की वर्षा की संभावना अभी भी बनी हुई है।

इसके अलावा उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओड़ीशा, झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल इन सभी भागों में मौसम शुष्क होगा। ज्यादातर जगहों पर उत्तर पश्चिमी दिशा से शुष्क और काफी गर्म हवाएं चलेंगी, जो निश्चित रूप से हीटवेव जैसी होंगी।

सबसे ज्यादा बुरा हाल ओडिशा में देखने को मिलेगा, जहां पिछले दो-तीन दिनों में तेज़ लू की चपेट में आने से कई लोगों की मौत हो गई है। विदर्भ सहित महाराष्ट्र के भी कुछ इलाकों में उत्तर पश्चिमी गर्म और तेज हवाओं के कारण लू का प्रकोप देखने को मिलेगा।

दक्षिण भारत में केरल जो भारत में मॉनसून की दहलीज है, अब प्री-मॉनसून वर्षा में वृद्धि देखेगा। अगले 24 घंटों के दौरान केरल और दक्षिणी कर्नाटक में कई जगहों पर अच्छी वर्षा होने की संभावना है।

तमिलनाडु में मौसम पूरी तरह शुष्क रहने की संभावना है। लेकिन उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है।

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में लगभग एक पखवाड़े से हर दिन बारिश हो रही है। आगे भी यह जारी रहेगी। असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में वर्षा अधिक होगी। नागालैंड, मणिपुर और त्रिपुरा में भी बारिश के आसार हैं।

Image credit: Tourism info

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try