दिल्ली-एनसीआर में आज फिर बारिश के आसार, लेकिन वीकेंड रहेगा सूखा और तपता
दिल्ली-एनसीआर में बीते दिन ‘रिट्रीटिंग मानसून’ जैसी गतिविधि देखने को मिली। सुबह सबसे पहले फरीदाबाद में बारिश हुई, जबकि दोपहर के शुरुआती घंटों में नोएडा में बारिश हुई। फिर देर दोपहर और शाम के समय एक बार फिर से नोएडा और साउध दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई। सफदरजंग बेस स्टेशन पर शाम 4 से 5 बजे के बीच तेज बारिश दर्ज हुई, जिसमें 45 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। वहीं, लोधी रोड पर भी मध्यम बारिश हुई, जहां 25.6 मिमी रिकॉर्ड की गई। हैरानी की बात रही कि पालम एयरपोर्ट पर पूरे दिन एक भी बूंद बारिश नहीं हुई। दिल्ली के ज़्यादातर हिस्से सूखे रहे और कहीं-कहीं बहुत हल्की और छिटपुट बारिश हुई। बारिश का यह पैटर्न विदाई मानसून की खासियत है और अगले कुछ दिनों में मानसून की वापसी की संभावना को मजबूत करता है।
[अपना स्थानीय मौसम पूर्वानुमान यहां देखें]
Advertisement
Advertisement
बारिश का कारण क्या रहा?
सफदरजंग पर हुई इस बारिश की वजह एक पूर्व-पश्चिम दिशा में फैला ट्रफ है, जो राजधानी से ठीक उत्तर में सक्रिय था। दरअसल, इस समय एक चक्रवाती परिसंचरण (cyclonic circulation) मध्य उत्तर प्रदेश पर और दूसरा उत्तर-पूर्व बिहार पर बना हुआ है। इन दोनों सिस्टम्स को जोड़ती हुई धुरी (axis) दिल्ली-एनसीआर के करीब से गुजर रही है, जिसने मानसून के जाते-जाते वाली बरसात कराई है। अभी भी ये दोनों सिस्टम सक्रिय हैं, हालांकि धीरे-धीरे पूर्व की ओर सरक रहे हैं। चूंकि यह ट्रफ दिल्ली के करीब ही बना हुआ है, इसलिए आज देर दोपहर और शाम को एक बार फिर से बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
कल ‘टच एंड गो’ बरसात का मौका
इन सिस्टम्स के अवशेष कल यानी अगले दिन (19 सितंबर) भी हल्की गतिविधि करा सकते हैं, लेकिन यह मौका ‘टच एंड गो’ रहेगा, यानी बारिश हो भी सकती है और टल भी सकती है। इसके बाद मौसम में सुधार होगा और सप्ताहांत (वीकेंड) तक गर्म और शुष्क हालात लौट आएंगे।
सप्ताहांत में पारे की चढ़ाई
दिल्ली-एनसीआर में शनिवार और रविवार को आसमान साफ और हवाएं शुष्क होंगी। इसके चलते पारा चढ़ेगा और तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है। संभव है कि इस वीकेंड पर सितंबर महीने का सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान दर्ज हो।
यह भी पढ़ें: बिहार-यूपी-झारखंड में अगले 3 दिन बरसेंगे बादल, कई जगह भारी बारिश, किसानों को मिलेगी राहत
















