मुंबईवासियों के लिए गुड न्यूज़, मुंबई में थमी मूसलाधार बारिश, कल से बड़ी राहत की उम्मीद

By: skymet team | Edited By: skymet team
Aug 20, 2025, 1:00 PM
WhatsApp icon
thumbnail image

मुंबई में कम होगी भारी बारिश, फोटो: The Free Press journal

मुंबई में पिछले चार दिनों से भारी से बहुत भारी बारिश हो रही है, जिससे शहर की ज़िंदगी थम सी गई है। लगातार मूसलाधार बारिश ने बिजली और पानी की आपूर्ति जैसी बुनियादी सुविधाएँ बाधित कर दीं हैं। दादर, चेंबूर, माटुंगा और अंधेरी जैसे निचले इलाकों में जलभराव से सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। हवाई सेवाएँ भी गंभीर रूप से बाधित रहीं है। विमानों को बार-बार लैंडिंग की कोशिश करनी पड़ी, कुछ उड़ानें निकटवर्ती हवाई अड्डों की ओर डायवर्ट करनी पड़ीं। हालांकि अब हालात सामान्य होते नज़र आ रहे हैं और शहर की रफ्तार धीरे-धीरे पटरी पर लौट रही है।

बारिश की तीव्रता में कमी

पूर्वानुमान के अनुसार, बीती रात यानी 19 अगस्त की रात से बारिश की तीव्रता और दायरा घटने लगा है। मुंबई में अधिकतर हिस्सों में तेज बारिश थम गई। सांताक्रूज एयरपोर्ट वेधशाला ने बीते 24 घंटों (सुबह 8:30 बजे तक) में 209 मिमी वर्षा दर्ज की। जिसमें बारिश का बड़ा हिस्सा कल(19 अगस्त) सुबह और दोपहर के समय में दर्ज हुआ। आज (20 अगस्त) तड़के 2:30 बजे से सुबह 8:30 बजे के बीच केवल 3 मिमी बारिश हुई। अगस्त 2025 में सांताक्रूज़ वेधशाला पर बारिश का आंकड़ा 1000 मिमी को पार कर गया है। जो पिछले पाँच सालों में अगस्त महीने की सबसे अधिक वर्षा है। अगस्त 2020 में 1240.1 मिमी दर्ज हुई थी। महिने के अब भी 11 दिन बाकी बचे हुए हैं, इसलिए शहर 1958 के 1254 मिमी के सर्वकालिक रिकॉर्ड को पार कर सकता है।

मौसमी सिस्टम की स्थिति

कमजोर हुआ निम्न दबाव क्षेत्र इस समय पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे सटे छत्तीसगढ़ पर स्थित है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण मध्य स्तर तक सक्रिय है। सिस्टम का कन्वर्जेंस ज़ोन मध्य महाराष्ट्र और कोंकण क्षेत्र तक फैला हुआ है। पूर्व-पश्चिम शियर लाइन अब 21° उत्तरी अक्षांश के साथ पश्चिमी तट से पूर्वी तट तक फैली है। दक्षिण गुजरात से केरल तक फैला उत्तर-दक्षिण ट्रफ कोंकण-गोवा और तटीय कर्नाटक पर कमजोर हो गया है। वहीं, उत्तर-पूर्वी अरब सागर पर बना चक्रवाती परिसंचरण अब सौराष्ट्र और उससे सटे समुद्री क्षेत्र की ओर खिसक गया है। इन सब सिस्टम्स के प्रभाव से मुंबई में आज बारिश में बड़ी राहत देखने को मिलेगी। हालांकि बीच-बीच में मध्यम बारिश और तेज़ हवाएँ चल सकती हैं।

आने वाले दिनों का पूर्वानुमान

जैसे-जैसे मौसमी सिस्टम और कमजोर होगा, कल 21 अगस्त से से मुंबईवासियों को बारिश से बड़ी राहत मिलेगी। 23-24 अगस्त के वीकेंड तक हल्के मौसम की स्थिति बनी रहेगी। अगले हफ्ते की शुरुआत में बारिश फिर से लौटेगी, लेकिन इसका असर मौजूदा दौर जितना प्रचंड नहीं होगा।

author image

डिस्क्लेमर: यह जानकारी स्काइमेट की पूर्वानुमान टीम द्वारा किए गए मौसम और जलवायु विश्लेषण पर आधारित है। हम वैज्ञानिक रूप से सही जानकारी देने का प्रयास करते हैं, लेकिन बदलती वायुमंडलीय स्थितियों के कारण मौसम में बदलाव संभव है। यह केवल सूचना के लिए है, इसे पूरी तरह निश्चित भविष्यवाणी न मानें।

Skymet भारत की सबसे बेहतर और सटीक निजी मौसम पूर्वानुमान और जलवायु इंटेलिजेंस कंपनी है, जो देशभर में विश्वसनीय मौसम डेटा, मानसून अपडेट और कृषि जोखिम प्रबंधन समाधान प्रदान करती है