महाराष्ट्र में मौसम मेहरबान, अगले तीन दिन रुक-रुक कर बरसेंगे बादल, जानें कहां होगी ज्यादा बारिश

By: Skymet team | Edited By:
Jun 5, 2025, 6:30 PM
WhatsApp icon
thumbnail image

महाराष्ट्र में मई के अंतिम सप्ताह में विशेषकर तटीय क्षेत्रों में बारिश हुई है। जिसमें मुंबई में मध्यम से भारी वर्षा दर्ज की गई। इस शुरुआती बारिश के कारण मानसून ने 26 मई को ही मुंबई में दस्तक दे दी, जोकि सामान्य आगमन तिथि 10 जून से लगभग दो सप्ताह पहले है।

मुंबई में अब तक की वर्षा का हाल

हालांकि, आधिकारिक तौर पर मानसून वर्षा का रिकॉर्ड 1 जून से शुरू होता है, लेकिन 1 से 4 जून के बीच महाराष्ट्र में बारिश अपेक्षा से कम रही है। इस दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश तो हुई, लेकिन मानसूनी गतिविधि सुस्त बनी रही।

क्षेत्रवार बारिश का आंकड़ा-कोई आगे, कोई पीछे

क्षेत्रीय आंकड़ों के अनुसार बारिश का वितरण असमान रहा है। कोकण और गोवा क्षेत्र में करीब 10% अतिरिक्त वर्षा हुई है, जबकि आंतरिक क्षेत्रों में भारी कमी देखी गई है। जिसमें मध्य महाराष्ट्र में वर्षा 77% कम, मराठवाड़ा में 97% की भारी कमी और विदर्भ में 72% कम वर्षा दर्ज हुई है

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम

अगले 2 से 3 दिनों तक कोकण एवं गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। विदर्भ के पश्चिमी हिस्सों में छिटपुट बारिश के आसार हैं, जबकि पूर्वी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 9 से 11 जून के बीच बारिश की गतिविधियों में अस्थायी गिरावट की संभावना है। इस दौरान इन राज्यों में दिन के तापमान में तेज बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे गर्मी का असर अधिक महसूस होगा।

12 जून से फिर सक्रिय होगा मानसून

12 जून के बाद मानसून के दोबारा सक्रिय होने की उम्मीद है। इसके साथ ही महाराष्ट्र के कई हिस्सों में मध्यम से भारी वर्षा शुरू हो सकती है। यह मानसूनी गतिविधि उत्तर मध्य महाराष्ट्र और विदर्भ के मध्य भागों में मानसून की और प्रगति में सहायक होगी।

author image
Skymet team

डिस्क्लेमर: यह जानकारी स्काइमेट की पूर्वानुमान टीम द्वारा किए गए मौसम और जलवायु विश्लेषण पर आधारित है। हम वैज्ञानिक रूप से सही जानकारी देने का प्रयास करते हैं, लेकिन बदलती वायुमंडलीय स्थितियों के कारण मौसम में बदलाव संभव है। यह केवल सूचना के लिए है, इसे पूरी तरह निश्चित भविष्यवाणी न मानें।

Skymet भारत की सबसे बेहतर और सटीक निजी मौसम पूर्वानुमान और जलवायु इंटेलिजेंस कंपनी है, जो देशभर में विश्वसनीय मौसम डेटा, मानसून अपडेट और कृषि जोखिम प्रबंधन समाधान प्रदान करती है

Suggested Resources