Skymet weather

24 अप्रैल मौसम पूर्वानुमान: दिल्ली, पंजाब, मध्य प्रदेश में तेज़ गर्मी; बिहार, उत्तर प्रदेश में शीतल सुबह की संभावना

April 23, 2018 6:10 PM |


 

उत्तर भारत में पिछले कुछ दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है। हालांकि पिछले दिनों की बारिश के बाद पारा गिरा है और पहाड़ों पर गर्मी से लंबे समय से राहत मिल रही है। यही नहीं पहाड़ों से होकर आ रही शीतल उत्तर-पश्चिमी हवाओं ने मैदानी राज्यों में भी लू का रास्ता रोका है।

इस बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत की ओर आने वाला है। यह सिस्टम इस समय उत्तरी पाकिस्तान पर पहुँच गया है और 25 अप्रैल से जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश देगा। फिलहाल अगले 24 घंटों तक इन राज्यों में मौसम शुष्क बना रहेगा।

मैदानी राज्यों में उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाएँ चलती रहेंगी। लेकिन इन हवाओं में शीतलता कम हो जाएगी जिससे पहाड़ों से लेकर मैदानी राज्यों तक तापमान में कल हल्की वृद्धि देखने को मिल सकती है।
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में मौसम शुष्क और गर्म होगा। कहीं-कहीं मध्यम से तेज़ धूलभरी हवाएँ चल सकती हैं।

[yuzo_related]

मध्य भारत में विदर्भ, दक्षिणी मध्य प्रदेश और गुजरात के कुछ हिस्सों में तापमान 40 के आसपास बने हुए हैं। तापमान में विशेष फेरबदल के आसार नहीं हैं। विदर्भ में लू जैसी स्थितियाँ बनी रह सकती हैं। उत्तर पश्चिमी शुष्क हवाओं के बीच मध्य भारत के सभी भागों में आसमान साफ और मौसम शुष्क बना रहेगा।

पूर्वी भारत में एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बिहार के उत्तर-पूर्वी हिस्सों पर बन गया है। यहाँ से एक ट्रफ दक्षिण भारत तक सक्रिय है। इन सिस्टमों के प्रभाव से बंगाल की खाड़ी से नम हवाएँ पूर्वोत्तर राज्यों में पहुँच रही हैं। अनुमान है कि असम, अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल के उत्तरी क्षेत्रों और सिक्किम में कई जगहों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की जाएगी। नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम, त्रिपुरा, गंगीय पश्चिम बंगाल और ओड़ीशा में भी कहीं-कहीं गरज के साथ प्री-मॉनसून वर्षा हो सकती है।

बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क ही बना रहेगा। हालांकि इन राज्यों में अगले 48 घंटों के बाद बारिश होने की संभावना बन रही है। इस बीच बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में सामान्य से कम न्यूनतम तापमान के साथ सुबह सुहावनी होगी।

Click the image below to see the live lightning and thunderstorm across IndiaRain in India

दक्षिण भारत का रुख करें तो यहाँ एक ट्रफ रेखा पूर्वी भारत से तमिलनाडु तक बनी हुई है। इसके प्रभाव से मौसम में सक्रियता होगी और तटीय आंध्र प्रदेश, दक्षिणी कर्नाटक तथा केरल में कुछ स्थानों पर बादलों की गर्जना के साथ वर्षा होने की संभावना है। रायलसीमा और तेलंगाना में भी गरज वाले बादल बन सकते हैं, लेकिन मौसम शुष्क बना रहेगा। तमिलनाडु में भी मौसम शुष्क और गर्म ही बना रहेगा।

Any information taken from here should be credited to skymetweather.com

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try