Skymet weather

01 फरवरी के लिए मौसम पूर्वानुमान: दिल्ली सहित उत्तर भारत में ठंड की वापसी

January 31, 2016 6:26 PM |


 

जम्मू कश्मीर के पास एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ था। पहाड़ी भागों पर बर्फबारी करने के बाद यह सिस्टम आगे निकल गया है। सोमवार को पर्वतीय राज्यों में आसमान साफ और मौसम शुष्क रहेगा। इन राज्यों में दिन का तापमान कुछ बढ़ सकता है।

इस सिस्टम के आगे निकलने से उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में हवाओं का रूख बदलकर उत्तर पश्चिमी हो गया है। पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं के प्रभाव से दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तरी राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी मध्य प्रदेश में सुबह के तापमान में 3 से 4°C तक की गिरावट से एक बार फिर से सर्दी का झोंका इन भागों में आएगा। दिन में धूप खिली रहेगी लेकिन ठंडी हवाओं के चलते पारा कुछ और कम होगा।

तापमान में कमी के कारण गंगा के मैदानी भागों से लेकर पूर्वी तथा पूर्वोत्तर राज्यों तक हल्के से मध्यम कोहरा छाए रहने के आसार हैं। पूर्वोत्तर राज्यों में एक-दो स्थानों पर घना कोहरा छाया रह सकता है।

पूर्वोत्तर में मेघालय के पास हवाओं में बना चक्रवाती क्षेत्र मौसम को प्रभावित करेगा। सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय और अरूणाचल प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा दर्ज की जा सकती है।

इधर मध्य भारत और दक्षिणी राज्यों में कोई मौसमी हलचल नहीं है जिसके चलते इन भागों में मौसम साफ और शुष्क बने रहने का अनुमान है।

तापमान में बदलावों की बात करें तो गुजरात के कच्छ और सौराष्ट्र तथा तमिलनाड़ु में कुछ स्थानों पर सुबह का तापमान सामान्य से 2-3°C अधिक बना रहेगा।

दिल्ली में पारा गिरेगा। यहां दिन में 21°C जबकि रात में 10°C तापमान दर्ज किया जा सकता है।

लखनऊ में भी सर्दी बढ़ेगी। यहां दिन में 25°C और रात में 12°C रिकॉर्ड किया जाएगा।

मुंबई में अधिकतम 33°C और न्यूनतम तापमान 18°C रहेगा।

चेन्नई में भी पारा कुछ इसी स्तर पर रहेगा। दिन में 32°C और रात में 21°C तापमान दर्ज किया जा सकता है।

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try