Skymet weather

2 मई के लिए मौसम पूर्वानुमान: बिहार, झारखंड में बारिश, दिल्ली में बढ़ेगी गर्मी

May 1, 2017 3:50 PM |

 

बीते कई दिनों से एक-के-बाद एक पश्चिमी विक्षोभों के आने का सिलसिला जारी है। इस बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के करीब आता दिखाई दे रहा है।

इसके प्रभाव से जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को कुछ स्थानों पर वर्षा हो सकती है।

पश्चिमी विक्षोभ के चलते हवाओं में बना चक्रवाती क्षेत्र इस समय मध्य पाकिस्तान पर दिखाई दे रहा है। हरियाणा से आंतरिक कर्नाटक तक एक ट्रफ रेखा भी विकसित हो गई है।

इन सिस्टमों के प्रभाव से हरियाणा और राजस्थान में एक-दो स्थानों पर बादलों की गर्जना होने और धूलभरी आँधी चलने की संभावना है।

हालांकि दिल्ली सहित उत्तर भारत के शेष मैदानी इलाकों में मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। जिसके चलते मैदानी राज्यों के साथ-साथ मध्य भारत के भागों में तापमान बढ़ेगा।

उत्तर में अमृतसर, चंडीगढ़ और दिल्ली जबकि मध्य में पुणे और इंदौर सहित कई इलाकों में दिन में तेज़ गर्मी के आसार हैं।

पूर्वी भारत में उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल से ओड़ीशा के आंतरिक भागों तक एक ट्रफ बनी हुई है। इसके चलते बंगाल की खाड़ी से नम हवाओं का प्रवाह इन भागों में बढ़ गया है।

पूर्वोत्तर राज्यों, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कई जगहों पर जबकि पूर्वी बिहार, झारखंड और ओड़ीशा के कुछ क्षेत्रों में अच्छी वर्षा होने की संभावना है।

पूर्वी भारत के राज्यों में एक-दो जगहों पर तेज़ हवा के झोंके चलने तथा बिजली गिरने जैसी मौसमी गतिविधियों की आशंका भी है।

दक्षिण भारत में अरब सागर और बंगाल की खाड़ी दोनों तरफ से नमी का प्रवाह बना हुआ है जिसके चलते तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक और केरल में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है।

दक्षिण के दो प्रमुख शहरों बंगलुरु और हैदराबाद में अगले 24 घंटों के दौरान वर्षा देखने को मिल सकती है।

तामिलनाडु में भी एक-दो स्थानों पर वर्षा दर्ज की जा सकती है।

 

Please Note: Any information picked from here should be attributed to skymetweather.com

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try