Delhi Weather: दिल्ली-NCR में वीकेंड पर बढ़ेगी गर्मी, 40°C के करीब पहुंच सकता है तापमान
मुख्य मौसम बिंदु
- दिल्ली में तापमान 10 मई तक 40°C के करीब पहुंच सकता है।
- फिलहाल मौसम साफ, धूप वाला और शुष्क बना रहेगा।
- 11 से 13 मई के बीच आंधी, धूलभरी हवाएं और हल्की बारिश संभव।
- पश्चिमी विक्षोभ और ट्रफ लाइन से मौसम फिर बदल सकता है।
Advertisement
दिल्ली-NCR में पिछले तीन दिनों से तापमान धीरे-धीरे बढ़ रहा है। दिल्ली के बेस स्टेशन सफदरजंग में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मंगलवार 5 मई की तुलना में 2 डिग्री से अधिक बढ़ा है। हालांकि यह तापमान अभी भी सामान्य से करीब 4 डिग्री कम बना हुआ है। स्काईमेट के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी होगी और 10 मई 2026 तक यह सामान्य स्तर के करीब पहुंच सकता है। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 36 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। मई का महीना आमतौर पर दिल्ली का सबसे गर्म महीना माना जाता है, जहां औसत अधिकतम तापमान करीब 39.9 डिग्री रहता है। जून का औसत तापमान इससे थोड़ा कम यानी 39 डिग्री सेल्सियस होता है।
Advertisement
देर रात बने आँधी-बारिश के हालात
बीती रात (6 मई) दिल्ली-NCR में मौसम अचानक बदलने के संकेत मिले थे। देर रात गरज वाले बादल बनने के कारण पालम और सफदरजंग मौसम केंद्रों ने रात 10 बजे से 1 बजे के बीच तेज हवाएं, बारिश और गरज-चमक की चेतावनी जारी की थी। हालांकि बाद में ये मौसम गतिविधियाँ कमजोर पड़ गईं और कोई गंभीर मौसम घटना दर्ज नहीं हुई। फिर भी इस दौरान तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री की गिरावट देखी गई। यानी लोगों को रात में थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन तेज बारिश या आँधी जैसी स्थिति नहीं बनी।
दिल्ली के आसपास सक्रिय है मौसम सिस्टम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पहले जो चक्रवाती परिसंचरण मध्य राजस्थान के ऊपर बना हुआ था, वह अब हरियाणा और दिल्ली क्षेत्र की तरफ खिसक आया है। इसके साथ ही पूर्व-पश्चिम दिशा में बनी ट्रफ लाइन अभी भी राष्ट्रीय राजधानी के आसपास मौजूद है। इसी सिस्टम के कारण बीती रात गरज वाले बादल बने थे। आज देर रात भी दूर-दूर गरज की आवाजें और आसमान में बिजली चमकने की घटनाएं देखने को मिल सकती हैं। ऊंचे बादलों के कमजोर पड़ने के दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं, लेकिन दिल्ली और आसपास के इलाकों में बारिश की संभावना बहुत कम है।
11 से 13 मई के बीच आँधी और बारिश
कल यानी 8 अप्रैल से दिल्ली-NCR में मौसम साफ और धूप वाला रहेगा। साथ ही हवाएं चलती रहेंगी, लेकिन तापमान लगातार बढ़ेगा। अगले चार दिनों तक गर्मी में बढ़ेगी और 10 मई तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है। इसके बाद 10 मई को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में पहुंचेगा, जिसके साथ एक चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से ट्रफ लाइन फिर से दिल्ली के आसपास आ जाएगी। 11 से 13 मई के बीच दिल्ली-NCR में एक बार फिर आँधी, धूलभरी हवाएं और हल्की बारिश देखने को मिल सकती हैं। इस बदलाव के बाद अगले सप्ताह तापमान में फिर गिरावट आने की संभावना है।
Advertisement
यह भी पढ़ें:
















