Delhi Weather Update: 42°C की हैट्रिक के बीच महीने के आखिर में बारिश और आँधी का अलर्ट
मुख्य मौसम बिंदु
- दिल्ली में 42.8°C के साथ सीजन का सबसे अधिक तापमान दर्ज
- 28 से 30 अप्रैल के बी आँधी-तूफान की गतिविधियां तेज होंगी
- शाम और रात में गर्मी से मिलेगी आंशिक राहत
- पूरे सप्ताह दिन का तापमान 40°C के आसपास रहेगा
दिल्ली में शनिवार, 25 अप्रैल 2026 को इस सीजन का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 42.8°C रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से करीब 4°C अधिक है। बीते दिन भी तापमान 42°C के पार रहा और आज भी इसके इस स्तर को पार करने की संभावना है। हालांकि, गरज-चमक और धूल भरी आँधी की गतिविधियों के बावजूद महीने के बाकी दिनों में तापमान लगभग 40°C के आसपास बना रहेगा।
राजस्थान-पंजाब के सिस्टम से बदलेगा मौसम का मिजाज
उत्तर राजस्थान और दक्षिण-पश्चिम पंजाब के निचले स्तरों पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इस सिस्टम से एक पूर्व-पश्चिम ट्रफ दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश तक फैली हुई है। यह सिस्टम कल और मजबूत होगा और पूरे इंडो-गंगेटिक मैदानों तक फैल जाएगा, जिससे दिल्ली इसके करीब रहेगी। इस ट्रफ की निरंतरता और उत्तर-दक्षिण दिशा में इसकी हलचल के कारण आज से प्री-मानसून मौसम गतिविधियाँ शुरू होंगी। आने वाले तीन दिनों में यह गतिविधियाँ और ज्यादा नियमित हो जाएंगी।
28 से 30 अप्रैल के बीच बढ़ेंगी आँधी-तूफान की गतिविधियाँ
आज गरज-चमक और धूल भरी आँधी की गतिविधियाँ देर शाम या रात में देखने को मिलेंगी। 28 से 30 अप्रैल के बीच इनकी तीव्रता और फैलाव बढ़ने की संभावना है। इस दौरान देर दोपहर और शाम के समय तेज हवाओं के साथ धूल भरी आँधी और गरज-चमक होगी। इससे देर शाम और रात के समय भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलेगी। हालांकि दिन की शुरुआत फिर से गर्म और शुष्क रहेगी, और पूरे सप्ताह तापमान करीब 40°C के आसपास बना रहेगा। शनिवार को दर्ज 42.8°C इस महीने का सबसे अधिक तापमान रहने की संभावना है।
20 साल में सबसे ज्यादा बरसात संभव
सफदरजंग वेधशाला में अब तक लगभग 28 मिमी बारिश दर्ज हो चुकी है, जबकि अप्रैल का सामान्य आंकड़ा 12.5 मिमी होता है। ऐसे में यह महीना पिछले दो दशकों का सबसे अधिक बारिश वाला अप्रैल साबित हो सकता है। दिल्ली का अब तक का सबसे अधिक तापमान 45.6°C (29 अप्रैल 1941) दर्ज है। वहीं, सबसे ज्यादा बारिश वाला अप्रैल 1983 में रहा था, जब 183.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई थी।
यह भी पढ़ें: India Weather Update: उत्तर से दक्षिण तक बदलेगा मौसम, 28 अप्रैल से तेज होगी प्री-मानसून बारिश





