Skymet weather

[Hindi] 67वें गणतन्त्र दिवस के उत्सव में मौसम नहीं बनेगा बाधा

January 25, 2016 4:23 PM |

Republic day paradeदेश के अधिकांश हिस्सों में भीषण सर्दी के बीच मंगलवार को भारत अपना गौरवमय गणतन्त्र दिवस मनाएगा। वर्ष 2016 की 26 जनवरी 67वें गणतन्त्र दिवस की साक्षी बनेगी।

गणतन्त्र दिवस का उत्सव ऐसे समय में मनाया जाता है जब मौसम कई प्रकार से बाधा बनने की स्थिति में होता है। भीषण सर्दी, घने कोहरे और घने बादलों के चलते दृश्यता में कमी जैसी संभावनाएं बनी रहती हैं। आशंका रहती है कि कई दिनों से जारी सघन कोहरा और बारिश भी गणतन्त्र के उत्सव में बाधा बन सकती है।

बीते कुछ वर्षों से दिल्ली में 26 जनवरी की सुबह घने कोहरे की चादर में लिपटी रहती है। दिन में भी शीतलहर के चलते कड़ाके की ठंड जारी रहती है। इस वर्ष भी ऐसे ही मौसम की संभावना फिलहाल दिखाई दे रही है।

सुबह 9 बजे राजपथ पर इंडिया गेट के पास ध्वजारोहण के साथ 9:30 बजे से मुख्य परेड होगी। वायुसेना के जांबांज पायलटों के हवाई करतब का प्रदर्शन 11 से 11:30 बजे के बीच होगा। हवाई करतब के दौरान दृश्यता अच्छी होनी चाहिए इसलिए कोहरे की संभावना प्रदर्शन के लिए बड़ी चुनौती से कम नहीं है। मंगलवार को वायु सेना के जवानों द्वारा हवा में लड़ाकू विमानों का जिस समय प्रदर्शन होगा अनुमान है कि मौसम उसी समय साफ होना शुरू होगा। उसके बाद तापमान भी बढ़ेगा और 10 डिग्री सेल्सियस के ऊपर जाएगा।

हालांकि बारिश होने की संभावना बिलकुल नहीं है। लेकिन ठंडी और कोहरे के चलते मौसम परेशानी पैदा करेगा। इस समय एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के करीब आता दिखाई दे रहा है, जो बहुत प्रभावी नहीं है। इसके चलते उत्तर के पहाड़ों पर बादल छाने और हल्की बारिश होने की संभावना है। मैदानी भागों पर बारिश के रूप में इसका असर नहीं दिखेगा।

हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के आने से दिल्ली और आसपास के शहरों में कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिलने की उम्मीद की जा सकती है। इसके प्रभाव से दिन का तापमान बढ़कर 16 डिग्री तक पहुँच जाएगा। सुबह का तापमान भी 6-7 डिग्री सेल्सियस से अधिक बना रह सकता है।

राजपथ पर भारत की विविधतापूर्ण संस्कृति, इसकी समृद्धि और सैन्य क्षमता के गौरवपूर्ण प्रदर्शन का साक्षी बनने के लिए राजपथ पहुँचने वाले दर्शकों को भीषण सर्दी का सामना करना पड़ेगा। सुबह के समय 8-10 डिग्री सेल्सियस तापमान और उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाओं के चलते मौसम में कड़ाके की सर्दी बनी रहेगी।

मध्यम कोहरे की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता, लेकिन यह लोकतन्त्र के उत्सव में विशेष बाधा नहीं बनेगा। दिन चढ़ने के साथ ही स्थिति में और सुधार देखने को मिलेगा।

Image credit: 26janimages.com

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try