Skymet weather

[Hindi] जम्मू कश्मीर, हिमाचल में शीतलहर का प्रकोप

March 14, 2017 1:31 PM |

Cold wave in Kashmirबसंत ऋतु का आरंभ हो गया है। देश के अधिकांश इलाकों में यह समय गर्मी के औपचारिक आगमन का होता है लेकिन उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों में कई इलाके शीतलहर की चपेट में हैं। वर्तमान मौसमी परिदृश्य के अनुसार जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप अगले 24 से 48 घंटों तक जारी रह सकता है। जम्मू कश्मीर में श्रीनगर में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री कम 2.1 डिग्री सेल्सियस रहा। गुलमर्ग में सामान्य से 6 डिग्री कम, कटरा में सामान्य से 4 डिग्री कम न्यूनतम तापमान के चलते शीतलहर जारी है जिससे सुबह और रात के समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

हिमाचल प्रदेश के नाहन में न्यूनतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री कम, सोलन और सुंदरनगर में सामान्य से 5 डिग्री कम और शिमला व कालपा में सामान्य से 4 डिग्री कम तापमान के चलते कई इलाके कड़ाके की ठंड की चपेट में हैं। वर्तमान मौसमी स्थिति के अनुसार स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में 16 मार्च तक शीतलहर जारी रहेगी।

इस बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों के करीब पहुँचने को है। इसके प्रभाव से जम्मू कश्मीर में 15 मार्च की शाम से कहीं-कहीं गरज के साथ वर्षा दर्ज की जा सकती है। हिमाचल प्रदेश में गतिविधियां 16 मार्च से शुरू होंगी। दोनों राज्यों में कुछ स्थानों पर 16-17 मार्च को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं बर्फबारी भी हो सकती है। जम्मू के कटरा स्थित वैष्णो धाम में भी बृहस्पतिवार और शुक्रवार को हल्की वर्षा होने की संभावना है।

पश्चिमी विक्षोभ के आने से दोनों पर्वतीय राज्यों के न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोत्तरी दर्ज की जाएगी। हालांकि यह वृद्धि 16 और 17 मार्च को संभावित है इसलिए अनुमान है कि अगले 2 दिनों तक दोनों राज्यों में कड़ाके की ठंड का प्रभाव फिलहाल बना रहेगा।

Image credit: DMANewsdesk

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try