Skymet weather

[Hindi] राजधानी दिल्ली से लेकर पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शहरों में होने वाली है बारिश

January 5, 2020 3:22 PM |

उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में पिछले कुछ दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है। दिसम्बर के आखिर से जनवरी की शुरुआत तक अधिकांशों शहरों पर कड़ाके की सर्दी का आतंक दिखाई दिया था। 2 जनवरी से तापमान बढ़ा जिससे लोगों को सर्दी से बड़ी राहत मिली। लेकिन अब फिर से मौसम बदलने वाला है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पंजाब, हरियाणा, पश्चिम उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान और दिल्ली में गरज के साथ वर्षा की गतिविधियाँ जल्द शुरू होंगी। अनुमान है कि मौसम में बादलाव 6 जनवरी से 8 जनवरी के बीच दिखेगा। शुरुआत में पंजाब, उत्तरी राजस्थान और हरियाणा के कुछ हिस्सों में बारिश होगी। उत्तर भारत में जम्मू कश्मीर के पास एक पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है। इसके प्रभाव से मैदानी इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित होगा। इन दोनों सिस्टमों के चलते उत्तर भारत में मौसम बदलेगा।

पश्चिमी पंजाब से शुरू होकर यही बारिश धीरे-धीरे दिल्ली और उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों तक पहुंचेगी। अनुमान है कि 7 और 8 जनवरी को उत्तर पश्चिमी भारत के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेगी। हालांकि राजधानी दिल्ली और इससे सटे शहरों में 6 से 8 जनवरी के बीच छिटपुट बारिश ही होगी। यानि यहाँ सभी जगहों पर और अच्छी बारिश होने के आसार नहीं हैं।

English Version: Rain in Delhi, Punjab, Haryana, North Rajasthan, West Uttar Pradesh likely, temperatures to drop

मौसम में बदलाव के साथ तापमान में भी गिरावट होगी। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो बारिश के दौरान बादल बढ़ेंगे जिससे 7 जनवरी से पंजाब और हरियाणा में अधिकतम तापमान काफी गिर जाएगा, जिससे इन दोनों राज्यों में एक बार फिर से कोल्ड डे की स्थिति शुरू हो सकती है। 7 और 8 जनवरी को दिल्ली और राजस्थान के उत्तरी भागों में भी तापमान में गिरावट आएगी, जिसके परिणामस्वरूप इन भागों में भी कुछ जगहों पर कोल्ड डे कंडीशंस शुरू हो सकती है।

धीरे-धीरे मौसम सिस्टम जब आगे निकल जाएंगे या कमजोर हो जाएंगे तब बारिश मैदानी भागों में कम हो जाएगी। अनुमान है कि 9 जनवरी पंजाब, हरियाणा और दिल्ली समेत सभी भागों में मौसम साफ होने लगेगा और उत्तर के पहाड़ों से बर्फीली हवाएँ मैदानी इलाकों में चलने लगेंगी।

इन हवाओं के प्रभाव से 9 जनवरी से पश्चिमी पंजाब, हरियाणा और उत्तरी राजस्थान के न्यूनतम तापमान में भी गिरावट शुरू हो जाएगी। दिल्ली-एनसीआर में जो न्यूनतम तापमान इस समय लगभग 7 से 8 डिग्री के बीच चल रहा है, एक फिर से गिरकर 4 डिग्री तक पहुँच जाएगा जिससे शीतलहर की वापसी होगी।

Image Credit: DNA

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try