Skymet weather

[Hindi] जबलपुर, सागर, सतना, गुना, ग्वालियर में अच्छी वर्षा जारी रहने का अनुमान

August 8, 2017 3:10 PM |

Rain in Madhya Pradeshमध्य प्रदेश के अधिकांश इलाकों में मॉनसून सक्रिय है और अच्छी वर्षा हो रही है। बीते 24 से 48 घंटों के दौरान कई इलाकों में मूसलाधार वर्षा रिकॉर्ड की गई है। मध्य प्रदेश में शुरुआत पूर्वी हिस्सों से हुई और धीरे-धीरे बारिश का दायरा राज्य के पश्चिमी भागों तक पहुँच गया। हालांकि पूर्वी और उत्तरी भागों में जहां अच्छी बारिश हो रही है वहीं दक्षिण-पश्चिमी भागों में हल्की से मध्यम वर्षा रिकॉर्ड की जा रही है।

राज्य में बीते 24 घंटों के दौरान रिकॉर्ड की गई बारिश के प्रसार से ही समझा जा सकता है कि मॉनसून लगभग समूचे राज्य में सक्रिय है। सोमवार की सुबह 8:30 बजे से पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक वर्षा छतरपुर के नौगाँव में हुई। यहाँ मौसम केंद्र ने 130 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की। श्योपुर में 56 मिलीमीटर बारिश हुई। जबलपुर में 49, श्योपुर में 35, गुना में 34 और सतना में 29 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

यह समय ऐसा है जब खरीफ फसलों के लिए अच्छी बारिश अनमोल होती है। जबकि बीते लंबे समय से राज्य के अधिकांश इलाकों में बारिश ना होने से किसान परेशान थे। इस बीच मॉनसून के सक्रिय होने से राज्य में किसानों शिकायत भी दूर हुई है। इस समय सामान्य मॉनसूनी वर्षा फसलों के लिए अमृत के समान है।

[yuzo_related]

मध्य प्रदेश के उत्तर-पूर्वी भागों में एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा राजस्थान से मध्य प्रदेश होते हुए बंगाल की खाड़ी तक एक ट्रफ रेखा भी विकसित हो गई है। इन सिस्टमों के प्रभाव से मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश हो रही है।

अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के पूर्वी और उत्तरी हिस्सों विशेषकर जबलपुर, छतरपुर, दमोह, रीवा, सीधी, सतना, सागर, टीकमगढ़, ग्वालियर और गुना में कई स्थानों पर मध्यम जबकि एक-दो जगह भारी वर्षा होने की संभावना है। इन भागों में 24 घंटों के बाद बारिश में धीरे-धीरे कमी आएगी। हालांकि हल्की से मध्यम वर्षा 24 घंटों के बाद भी अगले 2 दिनों के लिए जारी रह सकती है।

MP lightning and rain

इस दौरान राजधानी भोपाल, इंदौर और उज्जैन सहित दक्षिण और पश्चिमी भागों में मुख्यतः हल्की वर्षा के आसार हैं। कहीं-कहीं मध्यम बारिश भी हो सकती है। अब तक मॉनसून वर्षा के लिहाज़ से मध्य प्रदेश सामान्य से पीछे है। पूर्वी मध्य प्रदेश में 1 जून से 7 अगस्त तक सामान्य से 11 प्रतिशत कम 425 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। इसी तरह पश्चिमी मध्य प्रदेश में सामान्य से 13 फीसदी कम 502 मिलीमीटर वर्षा हुई है।

Image credit:

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try