Skymet weather

[Hindi] कुम्भ मेला 2019: आस्था के 50 दिन तक चलने वाले पर्व पर नहीं पड़ेगी मौसम की मार

January 15, 2019 9:18 AM |

Kumbh 2019- Business Today 600

इलाहाबाद के प्रयागराज होने यानि शहर के नए नामकरण के बाद पहली बार कुम्भ मेले का आयोजन हो रहा है। कुम्भ मेला औपचारिक रूप से 15 जनवरी से शुरू होकर 4 मार्च तक चलेगा जिसमें कुल 8 स्नान होंगे। शाही स्नान तीन होंगे जब इस महापर्व पर प्रयाग में इस बार बड़ी संख्या में देश और दुनिया से लोगों के आने की संभावना है। पूरा प्रयाग शहर उत्सव के रंग में रंगा है। इस बार कुछ अनूठे प्रयोग भी किए गए हैं। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के रहने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबन्द है।

गंगा स्नान का यह महापर्व 4 मार्च 2019 को महाशिवरात्री पर आठवें स्नान के साथ सम्पन्न होगा। 15 जनवरी से शुरू होकर 4 मार्च तक चलने वाले कुम्भ मेले में स्नान कर धर्म और आस्था का संगम अनुभव करने के लिए देश और दुनिया भर से करोड़ों की संख्या में भक्त गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के पवित्र संगम पर पहुँचते हैं।

कुम्भ मेला 2019 के दौरान मौसम की संभावनाओं की बात करें तो 15 जनवरी को आसमान साफ रहेगा। लेकिन कोहरा छा सकता है। दिन और रात का तापमान सामान्य से कुछ ऊपर रहेगा। न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं। इसके बावजूद सुबह ही नहीं दिन में भी कुछ सर्दी बरकरार रहेगी।

प्रयागराज सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश में इस बार की सर्दी में हर बार जितनी बारिश नहीं हुई जिसके कारण घना कोहरा नहीं छा रहा है। इसे प्रयागराज आने वाले तीर्थ यात्रियों के लिए अच्छा माना जा सकता है। इस बीच मौनी अमावस्या यानि 4 फरवरी को होने वाले दूसरे शाही स्नान तक सर्दी का मौसम विदाई के चरण में पहुँच जाएगा। मौनी अमावस्या ना सिर्फ दूसरा शाही स्नान है बल्कि इसे कुम्भ मेले का मुख्य स्नान भी माना जाता है। इस बार मौनी अमावस्या का स्नान 4 फरवरी को होगा।

तीसरा और अंतिम शाही स्नान बसंत पंचमी पर होता है। बसंत पंचमी 10 फरवरी को है। 10 फरवरी तक प्रयागराज में सर्दी और कम होने लगती है। बल्कि यूं कह सकते हैं कि दिन में हल्की गर्मी की झलक मिलने लगती है। 15 जनवरी से 4 मार्च तक लगभग 50 दिन का यह महाउत्सव दुनिया के किसी भी धार्मिक आयोजन से बड़ा है।

हर वर्ष 15 जनवरी से मार्च के बीच बारिश की हलचल देखने को मिलती है। लेकिन 2018-19 की सर्दी लगभग सूखी बीत गई। अधिकांश समय मौसम शुष्क और साफ रहा। 21 जनवरी के आसपास हल्की बारिश की संभावना है जबकि बाकी ज़्यादातर समय मौसम शुष्क रहेगा जिससे प्रशासन और लोगों को सहूलियत होगी।

प्रमुख स्नान तिथियों की सूची इस प्रकार है:

1-     15 जनवरी 2019: मकर संक्रांति (पहला शाही स्नान) (मौसम-कड़ाके की ठंड होगी। सुबह कोहरा छा सकता है लेकिन बारिश की उम्मीद नहीं है।)

2-     21 जनवरी 2019: पौष पूर्णिमा (मौसम- सर्दी जारी रहेगी। तापमान 24/11 के आसपास रहेगा। हल्की बारिश होने की संभावना है।)

3-     04 फरवरी 2019: मौनी अमावस्या (मुख्य शाही स्नान, दूसरा शाही स्नान) (मौसम- सर्दी की वापसी शुरू हो जाएगी। हालांकि सुबह और रात में ठंडी बनी रहेगी।)

4-     10 फरवरी 2019: बसंत पंचमी (तीसरा शाही स्नान) (मौसम- मौसम श्रद्धालुओं को और राहत देdगा। दोपहर में गर्मी की दस्तक भी हो सकती है।)

5-     19 फरवरी 2019: माघी पूर्णिमा (मौसम- सुबह औररात मेंसुहावनी ठंडक होगी। कड़ाके की सर्दी क्रमशः कम हो जाएगी।

6-     04 मार्च 2019: महा शिवरात्री (मौसम- प्रयागराज में मार्च की शुरुआत से गर्मी अपना आसार दिखाना शुरू कर देती है और ऐसे में कुम्भ से विदा होते समय आपको गंगा में डुबकी लगाने में सर्दी का डर नहीं होगा बल्कि शीतलता का आनंद होगा।)

Image credit: Business Today

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try