Skymet weather

[Hindi] उत्तर प्रदेश और बिहार में दिन में कोहरे के चलते पारा सामान्य से नीचे

December 28, 2017 4:50 PM |

Fog in Uttar Pradesh and Biharपूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के अधिकांश हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से छाए घने कोहरे के चलते दिन में धूप ग़ायब है। इसके चलते अधिकतर हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से नीचे चल रहा है। दिन में भी शीतलहर जैसे हालात हैं। स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बांग्लादेश के पूर्वी हिस्सों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के कई भागों में पूर्वी आर्द्र हवाएँ चल रही हैं।

अगले 24 से 48 घंटों तक पूर्वी भारत के भागों में नम हवाएँ चलती रहेंगी। जिससे पूर्वी उत्तर प्रदेश के उत्तरी भागों, उत्तरी बिहार और हिमालय से सटे पश्चिम बंगाल में कई जगहों पर मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। गोरखपुर, बहराइच, बस्ती, गोंडा, बलिया, आजमगढ़, वाराणसी, जौनपुर में घने कोहरे का असर सुबह के बाद दिन में भी बना रहेगा। इन भागों में कोहरे के चलते अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहने के आसार हैं।

[yuzo_related]

बिहार में पिछले 24 घंटों के दौरान कोहरे का प्रभाव बढ़ा है। अनुमान है कि अगले 24 से 48 घंटों तक मौसमी परिदृश्य में बदलाव नहीं होगा और अधिकतर भागों में घना कोहरा जारी रहेगा। सुपौल में बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री कम 19.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। औरंगाबाद, भागलपुर, छपरा में भी अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहा। पटना और गया में पारा सामान्य के आसपास दर्ज किया जा रहा है।

स्काइमेट का आंकलन है कि राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसमी परिदृश्य अगले 2-3 दिनों तक इसी तरह बना रहेगा। कोहरे के चलते पारा सामान्य या सामान्य से नीचे ही रहेगा और धूप का भी प्रभाव कम होगा जिससे दिन में सर्दी जारी रहेगी। कोहरे के चलते उत्तर प्रदेश और बिहार में रेल, सड़क और हवाई यातायात प्रभावित होगा। इन दोनों राज्यों से होकर गुज़र रही ट्रेनें पहले से ही देरी से चल रही हैं।

Image credit: Indianyouth.net

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try