Skymet weather

[Hindi] मुंबई में गर्मी चरम पर, सीजन पर पहली बार पारा पहुंचा 37 डिग्री के स्तर पर

March 4, 2021 2:18 PM |

देश के तमाम शहरों की तरह ही मुंबई में भी इस साल उम्मीद से ज़्यादा और समय से पहले गर्मी पड़ने लगी है। मुंबई के सांताक्रूज में कल यानि 3 मार्च को अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 4 डिग्री अधिक है। वर्ष 2013 के बाद मार्च के शुरुआती दिनों में पहली बार पारा 37 डिग्री सेल्सियस के स्तर पर पहुंचा है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में 37 डिग्री सेल्सियस के स्तर पर पारा आमतौर पर मार्च के दूसरे सप्ताह में पहुंचता है। मार्च महीने के शुरुआती दिनों में इस तरह की गर्मी 2013 में दिखी थी जब 2 मार्च को ही तापमान 37 डिग्री से भी ऊपर 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया था।

मार्च महीने में मुंबई में आमतौर पर जमीनी दिशा से हवाएँ आती हैं जबकि दोपहर के समय हवा का रुख बदलकर समुद्र की तरफ से हो जाता है। समुद्री हवा दोपहर के 1-2 बजे के आसपास चलनी शुरू होती हैं तब तक तापमान बढ़ता ही रहता है। लेकिन जैसे ही समुद्री सतह की आर्द्रता लेकर हवाएँ आती हैं तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की अचानक गिरावट देखने को मिलती है। लेकिन जिन दिनों में समुद्री सतह और जमीनी सतह की गर्मी के अंतर के कारण समुद्री हवाएँ नहीं शुरू होती हैं उन दिनों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के स्तर को पार कर जाता है। कल समुद्री हवाएं देर से शुरू हुईं, आज भी इसी तरह की स्थिति की उम्मीद है। आज का अधिकतम तापमान कल के 37.3 डिग्री सेल्सियस के स्तर को भी पार करते हुए संभवतः 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच सकता है।

मुंबई में मार्च में बारिश की संभावना न के बराबर होती है और गर्मी के साथ अधिक आर्द्रता के कारण स्थितियाँ काफी परेशान करने वाली हो जाती हैं। मुंबई में मार्च का औसत तापमान 32.8°C है और अप्रैल तथा मई तापमान धीरे-धीरे और बढ़ता है। इस वर्ष गर्मी की जो स्थिति अभी है उसकी झलक 2 फरवरी को भी मिली थी जब दिन में पारा 36°C को पार कर गया था। बाद में 2 और अवसरों पर पारा 21 और 22 फरवरी को इस स्तर से ऊपर पहुंचा था। मार्च में अधिकतम तापमान 40°C को भी पार कर जाता है। बीते 10 वर्षों में 2011, 2013, 2015, 2018 और 2019 में 40 डिग्री से ऊपर पहुंचा था तापमान। 2021 के मार्च में भी तापमान 40 डिग्री से ऊपर जाएगा इसकी प्रबल संभावनाएं दिखाई दे रही हैं।

Image credit:

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try