Skymet weather

[Hindi] नव वर्ष 2018: देश के अधिकांश हिस्सों में मौसम होगा शुष्क और सुहावना

December 31, 2017 10:27 AM |

new year 2018 weather

वर्ष 2017 की विदाई के संकेत मिलने लगे हैं। बाज़ार, खाने-पीने की जगहों पर सुंदर और आकर्षक सजावट है। लोग नए साल के आगमन की पार्टी की तैयारियों में जुट गए हैं। 2017 को आखिर विदाई देने का समय नजदीक है और दुनियाभर में एक ओर जहां बीत रहे वर्ष को अलविदा कहने के अपने तौर तरीकों से इंतेज़ाम किए गए हैं वहीं नए साल 2018 के स्वागत के लिए समूचा विश्व तत्पर है।

भारत में भी नए वर्ष के स्वागत की तैयारियां शुरू हो गई हैं। दोस्तों और अपनों के साथ लोगों ने पार्टी करने के लिए अच्छी और मनोरंजन की जगहें भी तय कर ली हैं या करने में व्यस्त हैं। ग्रेगोरियन कैलेंडर का नव वर्ष सर्दियों में शुरू होता है और ऐसे में कई बार बारिश, घना कोहरा या शीतलहर रंग में भंग डालता है। स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञ देशभर के मौसम आंकलन करते हैं और नए वर्ष के इस जश्न में कोई बाधा ना आए इसलिए आइये डालते हैं एक नज़र देश के प्रमुख शहरों के मौसम पर।

दिल्ली: दिल्ली और इससे सटे शहरों में सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरा और धुंध छाई रहेगी। हालांकि दिन में कोहरा और धुंध हट जाएगा और खिली धूप से मौसम खुशनुमा हो जाएगा। अधिकतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा सकता है। न्यूनतम तापमान में कुछ गिरावट होगी जिससे रात की पार्टी से जब आप निकलेंगे तो अच्छी सर्दी से आपका सामना होगा। अनुमान है कि न्यूनतम तापमान 6-7 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।

मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी और मायानगरी के नाम से लोकप्रिय मुंबई में नए साल की पहली सुबह खुशनुमा मौसम के बीच होगी। आसमान साफ बना रहेगा। अधिकतम तापमान 31-32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। मायानगरी मुंबई में न्यूनतम तापमान 15-16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा जिससे रात में नए साल के जश्न के लिए मौसम बेहतरीन रहेगा।

चेन्नई: चेन्नई में नए साल का आगाज़ के पहले की शाम सुहावने मौसम के बीच होगी। न्यूनतम तापमान 22 डिग्री के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है। हालांकि दिन में मौसम गर्म रहेगा। दक्षिण के इस महानगर में बादल दिखेंगे लेकिन बारिश जैसी आशंका नहीं है।

कोलकाता: कोलकाता में 2017 का आखिरी दिन यानि 31 दिसम्बर और 2018 का पहला दिन यानि 1 जनवरी को मौसम शुष्क और हल्का गर्म बना रहेगा। आसमान साफ बना रहेगा। अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है। रात में पारा 15 डिग्री के आसपास रहेगा। रात की पार्टी शीतल और खुशनुमा मौसम के बीच मनाई जाएगी।

[yuzo_related]

गोवा: नए साल का जश्न गोवा में सबसे अनूठे अंदाज़ में मनाया जाता है। भारत में नव वर्ष का स्वागत गोवा पूरी धूम से करता है और इसके लिए देश भर से लोग गोवा पहुँचते हैं। गोवा में नए साल पर मौसम शुष्क और गर्म रहेगा। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जाएगा। हालांकि 15 डिग्री के आसपास न्यूनतम तापमान के साथ रात में नए साल के जश्न के लिए मौसम का पूरा साथ मिलेगा।

चंडीगढ़: दिन में मौसम आंशिक बादल दिखेंगे और सुबह के समय हल्का कोहरा छा सकता है। दिन में पारा 22 डिग्री के आसपास रिकॉर्ड किया जाएगा और मौसम खुशनुमा होगा। न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। यानि चंडीगढ़ के लोगों को भी मौसम का पूरा साथ मिलेगा नए साल की पूर्व संध्या पर जश्न मनाने के लिए।

जयपुर: गुलाबी शहर जयपुर अपनी खूबसूरती और ऐतिहासिक धरोहरों के चलते पर्यटकों को खूब आकर्षित करता है। नए साल पर जयपुर में भी बड़ी संख्या में लोग इकठ्ठा होते हैं। इस बार मौसम यहाँ भी नए साल के स्वागत में डूबे लोगों के लिए कोई बाधा नहीं बनेगा। सुबह के समय हल्की धुंध रहेगी। दिन में आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 23-24 डिग्री और न्यूनतम 8-9 डिग्री के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है।

लखनऊ: नवाबों का शहर लखनऊ किसी भी जश्न के लिए तैयार रहता है। इस बार नए साल का स्वागत कोहरे से घिरी शाम और रात के बीच होगा। हालांकि दिन में खुशनुमा मौसम रहेगा। यहाँ अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7-8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।

पटना: पटना में सुबह के समय घना कोहरा रहेगा। लेकिन दिन में कोहरा कम हो जाएगा जिससे आसमान साफ हो जाएगा और धूप दिखेगी। हालांकि नए साल की पूर्व संध्या यानि 31 दिसम्बर की शाम और रात को कोहरा फिर से बढ़ सकता है। यहाँ दिन में 21-22 डिग्री और रात में 9-10 डिग्री सेल्सियस के बीच तापमान रिकॉर्ड किया जा सकता है।

इंदौर: मिनी मुंबई इंदौर में रात खिल उठती है जब मौका नए साल के जश्न का हो। यहाँ मौसम साफ और शुष्क रहेगा। दिन में तापमान सामान्य से अधिक 28-29 डिग्री के आसपास रिकॉर्ड किया जाएगा जिससे गर्मी परेशान करेगी लेकिन जैसे-जैसे शाम होगी और पार्टी की खुमारी शुरू होगी मौसम भी रंग जमाएगा।

Image credit: Travel Triangle

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try