Skymet weather

[Hindi] दिल्ली में बारिश, सप्ताह की छुट्टियों में मौसम होगा खुशनुमा

May 19, 2017 6:33 PM |

Delhi Dust stormदक्षिण पश्चिम मॉनसून के लिए दिल्ली अभी दूर है। मॉनसून को अभी लंबा सफर तय करना है। इस बीच प्री-मॉनसून वर्षा के छोटे दौर दिल्ली में राहत के झोंके के रूप में आ रहे हैं। हल्की वर्षा लोगों के लिए किसी बड़ी राहत से कम नहीं है। प्री-मॉनसून वर्षा का भी लोग बेसब्री से इंतज़ार करते हैं। दिल्ली में बीत दो दिनों की गर्मी के बाद सप्ताह के आखिर में प्री-मॉनसून वर्षा होने की संभावना है। प्री-मॉनसून वर्षा के इस दौर से राजधानी दिल्ली में अगले दो दिनों के दौरान तेज़ गर्मी से राहत मिल सकती है।

इसे भी पढ़ें: श्रीनगर, वैष्णो देवी, शिमला में हल्की बारिश, वीकेंड ट्रिप के लिए सुहाना मौसम

हालांकि शनिवार की दोपहर तक मौसम काफी गर्म ही बना रहेगा। लेकिन शाम के समय गरज और धूलभरी हवाओं के साथ बारिश होने के बाद मौसम खुशनुमा हो सकता है। रविवार को मौसम की सक्रियता बढ़ेगी और कई जगहों पर वर्षा देखने को मिल सकती है। इस समय पंजाब और इससे सटे राज्यों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा इस सिस्टम से एक ट्रफ रेखा पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक पहुँच रही है। इन्हीं मौसमी सिस्टमों के प्रभाव से दिल्ली और इसके आसपास के शहरों में वर्षा दर्ज की जा सकती है।

उत्तर भारत में बने मौसमी सिस्टमों के प्रभाव से आज सुबह भी दिल्ली पर गरज वाले बादल तेज़ी से विकसित हुए थे। दिल्ली और इसके आसपास के शहरों में कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्की वर्षा भी सुबह के समय रिकॉर्ड की गई। लेकिन कुछ ही समय में आसमान साफ और मौसम पूरी तरह से ना सिर्फ शुष्क हो गया बल्कि तेज़ धूप का प्रकोप भी दिखाई देने लगा। तापमान बढ़ते हुए दोपहर में 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया।

स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार सुबह की तरह ही आज देर शाम या रात में फिर से मौसम करवट लेगा और कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश देखने को मिलेगी। उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में बने इन मौसमी सिस्टमों के प्रभाव से दिल्ली और इससे सटे नोएडा, गाज़ियाबाद, फ़रीदाबाद और गुरुग्राम में अगले दो दिनों तक प्री-मॉनसूनी गतिविधियां जारी रह सकती हैं।

Image credit: Thunderstorm

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try