Skymet weather

[Hindi] दिल्ली में कहर बरपाती गर्मी, भीषण गर्मी की आशंका से लोग भयभीत

March 30, 2017 3:22 PM |

Delhi hot daysदेश के अधिकांश हिस्सों की तरह राजधानी दिल्ली में भी अधिकतम तापमान बीते कई दिनों से आसमान छू रहा है। ऐसा लगता है जैसे सूरज देवता कुपित हो गए हैं और उन्होंने अपना पूरा तेज दिखाना शुरू कर दिया है। तापमान बीते कुछ समय से हर दिन लगातार बढ़ रहा है। बुधवार को अधिकतम तापमान एक नई ऊंचाई पर पहुंचा। पालम मौसम केंद्र पर अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो बीते 6 वर्षों में मार्च महीने का सबसे अधिक तापमान है।

इससे एक दिन पहले दिल्ली में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहा जो 2010 के बाद मार्च में रिकॉर्ड किया गया सबसे अधिक तापमान है। 27 मार्च 2010 को अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र ने कल अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जो बीते 6 वर्षों में मार्च का सबसे अधिक तापमान है। दिल्ली और आसपास के शहरों के अन्य क्षेत्रों में भी तापमान रिकॉर्ड तोड़ रहा है और भीषण गर्मी जारी है।

दिल्ली विश्वविद्यालय के पास लगे मौसम केंद्र ने अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया, आया नगर में 38.6 डिग्री, नरेला में 37.5 डिग्री और रिज क्षेत्र में 39.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। तेज़ी से ऊपर जा रहे तापमान के चलते दिल्ली में दिन के समय अभी से लोगों का बाहर निकलना दूभर हो गया है। यह चौंकाने वाले तथ्य है कि मार्च में दिल्ली का औसत अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे रहता है। यानि इस समय अधिकतम तापमान सामान्य से 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक ऊपर रिकॉर्ड किया जा रहा है।

गर्मी का मौसम अभी पीक पर नहीं पहुंचा है और ऐसे में तापमान का इस ऊंचाई पर पहुंचना चिंताजनक है। मई-जून से पहले ही दिल्ली में लोग भयानक गर्मी से हलकान हैं और यह भय भी लोगों में व्याप्त है कि अगर मार्च में यह हालात हैं तो मई और जून की चिलचिलाती गर्मी कौन सा कहर बरपाने वाली है। इस समय लू जैसे हालात का अनुभव राजधानी में लोगों को करना पड़ रहा है। अगले 2 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान इसी तरह सामान्य से काफी ऊपर रहेगा और राहत के आसार फिलहाल नहीं हैं।

Image credit:

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try