Skymet weather

[Hindi] दिल्ली में मॉनसून ने दी दस्तक; लगातार जारी रहेगी बारिश

July 2, 2017 1:04 PM |

Delhi monsoon rains and Monsoon 2017 दिल्ली में बीते दो दिनों से अच्छी बारिश हो रही है। कुछ इलाकों में भारी वर्षा रिकॉर्ड की गई है। मॉनसून का इंतजार दिल्ली में अब खत्म हो गया है। रविवार 2 जुलाई को दक्षिण-पश्चिम मॉनसून का दिल्ली में आगाज़ हो गया है। हालांकि इससे पहले से ही जारी भारी वर्षा के चलते दिल्ली में यातायात में जाम की समस्या से लोगों को दो-चार होना पड़ा है। शनिवार की सुबह 8:30 बजे से बीते 24 घंटों के दौरान दिल्ली के पालम मौसम केंद्र पर 38 मिलीमीटर की भारी वर्षा रिकार्ड की गई। इसके अलावा सफदरजंग मौसम केंद्र ने भी इस दौरान 20 मिलीमीटर बारिश दर्ज की है।

यही नहीं दिल्ली के आसपास के शहरों नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में भी अच्छी बारिश हुई है। बारिश के चलते दिल्ली और आसपास के शहरों में मौसम खुशनुमा बना हुआ है। तापमान सामान से नीचे चल रहा है। स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार हरियाणा और इससे सटे भागों पर एक चक्रवाती सिस्टम हवाओं में बना हुआ है। साथ ही दिल्ली के पास से एक ट्रफ पश्चिमी भारत से पूर्वी भारत तक बनी हुई है। परिणामस्वरुप राजधानी में अच्छी वर्षा की गतिविधियां हुई हैं।

[yuzo_related]

बीते 24 घंटों में मानसून काफी तेज़ी से आगे बढ़ा है। पिछले कई दिनों से पटना में अटका इसका पूर्वी सिरा आगे निकलकर शनिवार को पहलगाम तक पहुंच गया। जबकि पश्चिमी सिरा राजस्थान में बना रहा। मध्य भारत में भी मध्य प्रदेश के लगभग सभी भागों को मॉनसून कवर कर चुका है। उत्तर प्रदेश के मध्य इलाकों तक मॉनसून का आगाज़ हो गया है। रविवार को दिल्ली में मॉनसूनी हवाएँ स्थायी रूप से अब अपना डेरा डाल चुकी हैं।

Delhi lightning

मॉनसून के और आगे बढ़ने के साथ ही दिल्ली तथा इसके आसपास के शहरों में बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों के दौरान दिल्ली और एनसीआर में हल्की से मध्यम वर्षा की गतिविधियां जारी रहेंगी। इस दौरान 1-2 स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना से इंकार भी नहीं किया जा सकता।

बादल छाए रहने, बारिश होने और पूर्वी नम हवाएं चलने के कारण राष्ट्रीय राजधानी में तापमान नियंत्रण में रहेगा, लेकिन बीच-बीच में अधिक उमस परेशान कर सकती है। तो मॉनसून का इंतजार खत्म हो गया है इसलिए हो जाइए तैयार इसके आफ्टर एफेक्ट से बचने के लिए। बाहर निकलते समय छतरी, रेनकोट का प्रबंध जरूर करके निकलिए। इसके अलावा यातायात में जाम की समस्या को ध्यान में रखते हुए भी अपना कार्यक्रम निर्धारित कीजिए ताकि ऐन वक्त पर विलंब जैसी किसी परेशानी से आप बच सकें। स्वस्थ्य संबंधी समस्याएँ भी बढ़ेंगी, इससे भी बचने के लिए आपको तैयार रहना होगा।

Image credit:

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try