गुजरात में भारी बारिश, खतरनाक तूफान और बिजली गिरने की संभावना, कई जिलों में अलर्ट जारी

By: Skymet team | Edited By:
May 6, 2025, 2:00 PM
WhatsApp icon
thumbnail image

गुजरात में तेज प्री-मानसून बारिश, फोटो: Gujarat Samachar

गुजरात में प्री-मानसून गतिविधियाँ तेज हो रही हैं। उत्तरी और मध्य गुजरात के साथ सौराष्ट्र क्षेत्रों में बीते दो दिनों से अच्छी प्री-मानसून बारिश हो रही है। अहमदाबाद, गाँधीनगर, वडोदरा, डीसा, सुरेंद्रनगर, भावनगर, राजकोट और कच्छ के नलिया जैसे प्रमुख इलाकों में मध्यम बारिश दर्ज की गई। आने वाले 3–4 दिनों तक यह मौसम इसी तरह बना रह सकता है।

असामान्य मौसम, गर्मी की जगह आँधी-बारिश

गुजरात में आमतौर पर प्री-मानसून के दौरान ज्यादा तूफानी मौसम जैसे आंधी, धूल भरी आंधी, बिजली गिरने, भारी वर्षा और तेज हवाओं का खतरा नहीं होता। मानसून आने से पहले यहां गर्मी ही मुख्य खतरा मानी जाती है। लेकिन इस बार गरज-चमक, तेज आँधी, बिजली गिरने और भारी बारिश जैसी असामान्य स्थिति देखने को मिल रही है। यह सिलसिला 10 मई तक जारी रहेगा और 11 मई के बाद मौसम साफ होने लगेगा। इससे पहले, राज्य भीषण गर्मी की स्थिति से जूझ रहा था।

हीटवेव से राहत, तापमान में गिरावट

कुछ दिन पहले तक गुजरात हीटवेव की चपेट में था। राजकोट में 46°C से अधिक और अहमदाबाद में 45°C तापमान रिकॉर्ड हुआ था। लेकिन बीते 24 घंटों में तापमान घटकर राजकोट में 40°C और अहमदाबाद में 38°C पहुंच गया है। आने वाले दिनों में तापमान और नीचे जा सकता है, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि, कुछ जगहों पर खतरनाक मौसम की स्थिति बनी रह सकती है।

आज इन शहरों में भारी बारिश की चेतावनी

आज 6 मई को गुजरात के आनंद, वडोदरा, नाडीाद, भरूच, सूरत, अहमदाबाद, गाँधीनगर और सुरेंद्रनगर में आँधी, तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और भारी बारिश की संभावना है। अगले दो दिन यानि 7 और 8 मई को सौराष्ट्र क्षेत्र में मौसम ज्यादा सक्रिय रहेगा। 9 मई को उत्तरी गुजरात (जैसे डीसा, पाटण) और तटीय सौराष्ट्र (जैसे सोमनाथ, दीव, ओखा, द्वारका, पोरबंदर, जामनगर) में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। जिसमें अलग-अलग जगहों पर तेज हवाएं, बिजली गिरना और ओलावृष्टि की भी संभावना है।

सप्ताहांत से मौसम सुधरने लगेगा

गुजरात में 10 मई से मौसम की तीव्रता कम होनी शुरू होगी, लेकिन हल्की बारिश होती रहेगी। 11 मई को बारिश का फैलाव और कम हो जाएगा और 12 मई से मौसम पूरी तरह शांत हो जाएगा। इसके बाद पूरे महीने के लिए गर्मी को छोड़कर कोई बड़ा मौसम खतरा नहीं आने की संभावना है।

author image
Skymet team

डिस्क्लेमर: यह जानकारी स्काइमेट की पूर्वानुमान टीम द्वारा किए गए मौसम और जलवायु विश्लेषण पर आधारित है। हम वैज्ञानिक रूप से सही जानकारी देने का प्रयास करते हैं, लेकिन बदलती वायुमंडलीय स्थितियों के कारण मौसम में बदलाव संभव है। यह केवल सूचना के लिए है, इसे पूरी तरह निश्चित भविष्यवाणी न मानें।

Skymet भारत की सबसे बेहतर और सटीक निजी मौसम पूर्वानुमान और जलवायु इंटेलिजेंस कंपनी है, जो देशभर में विश्वसनीय मौसम डेटा, मानसून अपडेट और कृषि जोखिम प्रबंधन समाधान प्रदान करती है