मानसून विदाई के बाद दिल्ली-NCR में बदलेगा मौसम, वीकेंड पर बारिश के आसार, जानें अगले सप्ताह कैसा रहेगा मौसम ?

By: AVM GP Sharma | Edited By: Mohini Sharma
Sep 25, 2026, 3:45 PM
WhatsApp icon
thumbnail image

दिल्ली-एनसीआर मौसम अपडेट, सांकेतिक फोटो: AI-Generated

मुख्य मौसम बिंदु

  • दिल्ली में मौसम शुष्क और मानसून सामान्य समय से थोड़ा पहले विदा हो चुका है।
  • 26 सितंबर की रात से दिल्ली-NCR में तेज हवाओं के साथ बारिश बढ़ सकती है।
  • रविवार को दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में गरज के साथ मध्यम बारिश की संभावना है।
  • मुख्य सिस्टम का ज्यादा असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में रहेगा।
  • पूर्वानुमान वैधता: यह मौसम पूर्वानुमान 26 सितंबर से अगले सप्ताह के मध्य तक के लिए हैं, इसके बाद पूरे NCR में मौसम साफ होने की संभावना है।

Advertisement

दिल्ली में पिछले करीब एक सप्ताह से मौसम ज्यादातर शुष्क रहा है। दक्षिण-पश्चिम मानसून भी दिल्ली से सामान्य समय से थोड़ा पहले विदा हो चुका है। हालांकि, मानसून की वापसी का मतलब यह नहीं है कि इसके बाद बारिश पूरी तरह बंद हो जाएगी। मानसून की वापसी के दौरान भी पश्चिमी मौसम प्रणालियों के साथ मिलकर वातावरण में ऐसी स्थितियां बन सकती हैं, जो मानसून के दिनों की तरह बारिश करा सकती हैं। इसी तरह की स्थिति 26 और 27 सितंबर को दिल्ली-NCR में बनने की संभावना है। गौरतलब है, इस बारिश का असर अगले सप्ताह की शुरुआत तक भी रह सकता है, हालांकि तब बारिश का क्षेत्र और तीव्रता धीरे-धीरे कम होने लगेगी।

Advertisement

मध्य प्रदेश से उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ेगा सिस्टम, दिल्ली के करीब पहुंचेगी बारिश

बंगाल की खाड़ी से आए मौसम सिस्टम का अवशेष आज मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में डिप्रेशन या अच्छी तरह से चिन्हित निम्न दबाव क्षेत्र के रूप में पहुंच जाएगा। इसके प्रभाव से उत्तर प्रदेश में आज देर शाम और रात से भारी बारिश की स्थितियां बन रही हैं। धीरे-धीरे इस बारिश का असर दिल्ली के करीब पहुँच सकता है। इसके साथ ही एक पश्चिमी मौसम प्रणाली ऊपरी हवा की ट्रफ के रूप में सक्रिय होगी। दोनों मौसम प्रणालियों की आपसी सक्रियता बारिश के क्षेत्र को बढ़ाएगी और दिल्ली-NCR तक इसके पहुंचने की संभावना मजबूत होगी।

रविवार को दिल्ली-NCR में ज्यादा सक्रिय रहेगा मौसम

दिल्ली-NCR में मौसम की गतिविधियां शनिवार 26 सितंबर को थोड़ी देर से शुरू हो सकती हैं और रात से अगले दिन सुबह यानी 27 सितंबर तक जारी रह सकती हैं। रविवार 27 सितंबर को बारिश ज्यादा देर तक होने की संभावना है। दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश तेज हवाएं चल सकती हैं। मुख्य मौसम सिस्टम पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश कराएगा और इसका असर दिल्ली के आसपास के इलाकों तक भी पहुंच सकता है। यहां तक कि मुख्य सिस्टम के कमजोर पड़ने के बाद भी सोमवार (28 सितंबर) और मंगलवार (29 सितंबर) को दिल्ली तथा आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश या बौछारें हो सकती हैं। इसके बाद दिल्ली से मानसून की विदाई का असर स्पष्ट रूप से दिखाई देगा। फिर अगले सप्ताह के मध्य से पूरे NCR में मौसम साफ रहने की संभावना है।

author image
AVM GP Sharma
President of Meteorology & Climate Change
AVM Sharma, President of Meteorology & Climate Change at Skymet Weather Services, is a retired Indian Air Force officer who previously led the Meteorological Branch at Air Headquarters in New Delhi. With over a decade of experience at Skymet, he brings a wealth of knowledge and expertise to the organization.
FAQ

दिल्ली-NCR में 26 सितंबर की रात से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। 27 सितंबर को ज्यादातर हिस्सों में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश की संभावना है।

हां, मानसून की वापसी के बाद भी पश्चिमी मौसम प्रणालियों और अन्य सक्रिय सिस्टम के प्रभाव से बारिश हो सकती है। दिल्ली में 26–27 सितंबर को ऐसी ही स्थिति बनने की संभावना है।

सोमवार और मंगलवार को हल्की बारिश या बौछारें जारी रह सकती हैं। इसके बाद अगले सप्ताह के मध्य से पूरे दिल्ली-NCR में मौसम साफ होने की संभावना है।

डिस्क्लेमर: डिस्कलेमर- यह विश्लेषण स्काइमेट के मौसम संबंधी आंकड़ों, आंतरिक पूर्वानुमान मॉडल, मौसम केंद्रों से प्राप्त जानकारी, जलवायु संबंधी डेटा और स्काइमेट की मौसम विशेषज्ञ टीम के आकलन पर आधारित है। सटीक जानकारी देने का पूरा प्रयास किया गया है, लेकिन मौसम लगातार बदलने वाली प्राकृतिक प्रक्रिया है, इसलिए परिस्थितियां समय के साथ बदल सकती हैं। यह जानकारी केवल सामान्य सूचना के उद्देश्य से दी गई है और इसे अंतिम या पूरी तरह निश्चित मौसम पूर्वानुमान नहीं माना जाना चाहिए।

Skymet भारत की सबसे बेहतर और सटीक निजी मौसम पूर्वानुमान और जलवायु इंटेलिजेंस कंपनी है, जो देशभर में विश्वसनीय मौसम डेटा, मानसून अपडेट और कृषि जोखिम प्रबंधन समाधान प्रदान करती है