Skymet weather

11 अप्रैल के लिए मौसम पूर्वानुमान: पूर्वी भारत में लू का प्रकोप, उत्तर के पहाड़ों पर वर्षा में वृद्धि

April 10, 2016 6:15 PM |

 

एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के करीब आ रहा है। उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे भागों पर पहुंच चुके इस सिस्टम के चलते जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर जबकि उत्तराखण्ड में कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

पंजाब में भी एक-दो स्थानों पर गरज के साथ बौछारें गिर सकती हैं। जबकि हरियाणा में छिटपुट जगहों पर बादलों की गर्जना होने और धूलभरी आँधी चलने की संभावना है। दिल्ली सहित षेश मैदानी भागों में आंशिक बादल छाए रहेंगे हालांकि मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा।

पूर्वोत्तर में असम पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से ऊपरी असम, अरूणाचल प्रदेश और नागालैण्ड में कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश जारी रह सकती है। शेष पूर्वोत्तर भारत सहित सिक्किम में एक-दो स्थानों पर वर्षा होने का अनुमान है।

पश्चिम बंगाल, झारखण्ड और ओडिशा में सामान्य से अधिक तापमान के चलते कहीं-कहीं लू का प्रकोप जारी रहेगा।

मध्य और पश्चिमी भारत के राज्यों में मौसम हाल कुछ इस प्रकार रहेगा। छत्तीसगढ़ से लेकर महाराष्ट्र और गुजरात तक आसमान साफ और मौसम शुष्क बना रहेगा। तापमान सामान्य से ऊपर यानि 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहने की संभावना है। हालांकि लू के आसार नहीं हैं।

दक्षिण भारत के मौसम का ज़िक्र करें तो उत्तरी आंतरिक कर्नाटक पर एक कमज़ोर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इस सिस्टम से एक ट्रफ दक्षिणी केरल तक पहुंच रही है।

इन दोनों मौसमी सिस्टमों के प्रभाव से कर्नाटक के कुछ भागों, केरल और आंतरिक तमिलनाडु में कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की जा सकती है। शेष दक्षिणी राज्यों में मौसम शुष्क रहेगा।

बारिश के चलते इन भागों में तापमान में कुछ कमी की संभावना है, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी।

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try