Skymet weather

18 जनवरी के लिए मौसम पूर्वानुमान: मध्य भारत में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना

January 17, 2016 7:59 PM |


 

मध्य भारत के भागों में दो अलग-अलग दिशाओं से आ रही हवाएं टकरा रही हैं जिससे यहां मौसम में हलचल बनी हुई है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे सटे उत्तरी छत्तीसगढ़ में कहीं-कहीं ओले भी पड़ सकते हैं। विदर्भ में कहीं-कहीं वर्षा होगी।

मध्य भारत पर बना यह मौसम पूर्वी दिशा में आगे बढ़ रहा है जिससे झारखण्ड में सोमवार को बूंदाबांदी की संभावना है। 24 घंटों के बाद पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखण्ड, दक्षिणी बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में बारिश बढ़ने का अनुमान है।

पूर्वोत्तर राज्यों पर बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के चलते हल्की बारिश जारी रहने के आसार हैं। इन भागों में सुबह के समय घना कोहरा सामान्य जन-जीवन को प्रभावित कर सकता है।

उत्तर भारत के मौसम का जि़क्र करें तो यहां एक नया पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर के करीब आता दिखाई दे रहा है। इसके प्रभाव से जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में वर्षा और बर्फबारी दर्ज की जा सकती है।

शेष उत्तर भारत में आंशिक बादल छाए रहेंगे। पंजाब, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाया रह सकता है। दिल्ली में भी मध्यम कोहरे के आसार हैं। पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दिन में जारी शीतलहर से सोमवार को राहत मिलेगी।

दक्षिणी राज्यों के मौसम का मिजाज़ कुछ इस प्रकार रहेगा। यहां जारी शुष्क मौसम में बदलाव के आसार हैं। उत्तरी तमिलनाड़ु, इससे सटे रायलसीमा, दक्षिणी कर्नाटक और उत्तरी केरल में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।

तापमान की बात करें तो मध्य भारत में छाए घने बादलों और बारिश के चलते दिन के तापमान में व्यापक गिरावट होने के आसार हैं। पूर्वी राज्यों में भी दिन के तापमान में कमी संभव है।

उत्तर भारत में सुबह के तापमान में कुछ कमी होगी जबकि दिन में पारा कुछ ऊपर जाएगा जिससे शीतलहर से राहत मिलेगी।

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try