दिल्ली में इस साल का सबसे अधिक अधिकतम और न्यूनतम तापमान दर्ज, अगले तीन दिन बारिश की संभावना

By: Skymet team | Edited By:
Feb 27, 2025, 1:30 AM
WhatsApp icon
thumbnail image

पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली में आज तड़के से ही हल्की बारिश हो रही है। आज सुबह 8:30 बजे तक सफदरजंग, पालम और लोदी रोड स्थित मौसम कार्यालय में बारिश की मात्रा केवल ट्रेस के रूप में दर्ज की गई है। 1 मार्च तक राजधानी में बादल छाए रहने और रुक-रुक कर हल्की बारिश होने की संभावना बनी रहेगी। हालांकि, अगले तीन दिनों बारिश 5 मिमी से अधिक नहीं होगी।

दिल्ली में अब तक का सबसे अधिक तापमान: बीते 24 घंटों में दिल्ली में इस साल का सबसे अधिक अधिकतम और न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ है। कल 26 फरवरी को दिन का अधिकतम तापमान 32.4°C तक पहुंच गया, जबकि आज 27 फरवरी की सुबह न्यूनतम तापमान 19.5°C रिकॉर्ड किया गया। ये दोनों तापमान सामान्य से 6-7 डिग्री सेल्सियस अधिक हैं। लोदी रोड पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 8.2°C अधिक दर्ज किया गया। फरवरी में दिल्ली में पहले भी उच्च तापमान रिकॉर्ड हुए हैं। फरवरी 2023 में 33.6°C और 2021 में 33.2°C अधिकतम तापमान दर्ज किया गया था। वहीं, कल 26 फरवरी 2025 का तापमान 21 फरवरी 2017 को दर्ज 32.4°C के बराबर रहा। अब तक का फरवरी महीने का सर्वाधिक तापमान 26 फरवरी 2006 को सफदरजंग में 34.1°C रिकॉर्ड किया गया था।

पश्चिमी विक्षोभ और परिसंचरण का प्रभाव: वर्तमान में उत्तर भारत के पर्वतीय क्षेत्रों पर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है और मैदानी क्षेत्रों में एक प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इन दोनों मौसम प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से दिल्ली में 27 फरवरी से 1 मार्च 2025 के बीच हल्की बारिश और बौछारें पड़ने की संभावना है। 28 फरवरी को बारिश की तीव्रता और फैलाव अधिक रहेगा, जबकि 27 और 29 फरवरी को हल्की और छिटपुट बारिश होने की संभावना है।

तापमान में गिरावट की संभावना: बारिश के दौरान दिल्ली में दिन काअधिकतम तापमान गिरकर मध्य 20°C के आसपास पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान भी घटकर 14-15°C तक आने के आसार हैं। 2 मार्च को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत में दस्तक देगा। हालांकि, दिल्ली इस प्रणाली के परिधीय हिस्से(बाहरी हिस्से) में रहेगी, जिससे यहां बारिश की संभावना बहुत कम रहेगी। कह सकते हैं कि यह सिस्टम दिल्ली के लिए "टच एंड गो" स्थिति में रहेगा और मार्च में ताजा बारिश की संभावना बहुत कम रहेगी।

author image
Skymet team

डिस्क्लेमर: यह जानकारी स्काइमेट की पूर्वानुमान टीम द्वारा किए गए मौसम और जलवायु विश्लेषण पर आधारित है। हम वैज्ञानिक रूप से सही जानकारी देने का प्रयास करते हैं, लेकिन बदलती वायुमंडलीय स्थितियों के कारण मौसम में बदलाव संभव है। यह केवल सूचना के लिए है, इसे पूरी तरह निश्चित भविष्यवाणी न मानें।

Skymet भारत की सबसे बेहतर और सटीक निजी मौसम पूर्वानुमान और जलवायु इंटेलिजेंस कंपनी है, जो देशभर में विश्वसनीय मौसम डेटा, मानसून अपडेट और कृषि जोखिम प्रबंधन समाधान प्रदान करती है