दिल्ली और इसके आसपास के भागों में बीते 2 दिनों से मौसम की सक्रियता देखने को मिल रही थी। लेकिन रविवार को दोपहर बाद 4 बजे से 5 बजे के बीच मौसमी हलचल शुरू हुई और देखते ही देखते घने बादलों ने ना सिर्फ समूची दिल्ली को बल्कि इसके आसपास के उप-नगरों को भी ढँक लिया। घने काल बादलों के आने के साथ ही तूफानी हवा का झोंका भी आया। हवा की रफ्तार लगभग 25 किलोमीटर प्रतिघण्टे तक पहुँच गई थी।
थोड़ी ही देर में बारिश शुरू हुई और तेज़ हवाओं के साथ राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में जमकर पानी बरसा। रविवार का दिन होने के चलते घूमने निकले लोगों इस प्री-मॉनसून वर्षा की फुहारों में भीगते हुए गर्मी से राहत का आनंद उठाया। झमाझम बारिश और आंधी के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली। बारिश होते ही दिन के तापमान में लगभग 15 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार उत्तर भारत में बने पश्चिमी विक्षोभ और मैदानी इलाकों में बने चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से मौसम में यह बदलाव आया। स्काइमेट ने इस तरह के मौसम के बारे में पहले ही अनुमान जताया था।
इसे भी पढ़ें: दिल्ली में बारिश, सप्ताह की छुट्टियों में मौसम होगा खुशनुमा
स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आज दिन भर बादल छाए रहेंगे और बारिश होने की संभावना है। दिल्ली, नोएडा, गाज़ियाबाद, फ़रीदाबाद और गुरुग्राम में तेज़ हवाओं और बादलों की गर्जना के साथ शाम को भी हल्की वर्षा होने के आसार हैं। रविवार की शाम के समय आई इस आँधी के चलते समयपुर बदली और साइकिल मार्केट में दो अलग-अलग घटनाओं में 2 व्यक्तियों की मौत हो गई। लुटियन्स ज़ोन में उस समय एक बड़ा हादसा टल गया जब जंतर-मंतर पर एक पुराना और बड़ा पेड़ गिर गया। पेड़ गिरने से किसी को नुकसान नहीं हुआ।
दिल्ली में कल से बदल जाएगा मौसम, बढ़ेगी गर्मी
स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मैदानी राज्यों पर बना चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र अब कमजोर हो रहा है जिसके चलते दिल्ली में कल से मौसम साफ हो जाएगा। अगले दो दिनों के दौरान तापमान में क्रमशः हल्की वृद्धि होगी और यह 40-41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है। इस दौरान हवाओं का रुख बदलेगा और उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाएँ चलेंगी।
कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।