Mumbai Rains: मुंबई में समय से पहले बरसे बादल, इस दिन तक जारी रहेगी प्री-मानसून बारिश

By: skymet team | Edited By: skymet team
May 15, 2025, 3:30 PM
WhatsApp icon
thumbnail image

मुंबई में हुई प्री-मानसून बारिश, फोटो: PTI

इस सीजन मुंबई (मौसम देखें) में समय से पहले प्री-मानसून की बारिश शुरु हो गई है। पिछले सप्ताह शहर में मध्यम बारिश हुई, जिसमें सांताक्रूज में 39 मिमी और कोलाबा में 61 मिमी बारिश तीन दिनों में रिकॉर्ड की गई। बता दें, मुंबई में मई महीने में सामान्य बारिश मात्र 11.3 मिमी होती है, इसलिए यह आंकड़ा सामान्य से कहीं अधिक है। इस सप्ताह और अगले सप्ताह भी बारिश होने की संभावना है। जिससे आमतौर पर मुंबई में इस समय महसूस होने वाली उमस से राहत मिलेगी।

चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय, कोंकण तट पर असर

कोंकण तट के पास अरब सागर पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। साथ ही, सौराष्ट्र तट से पूर्व-मध्य अरब सागर तक एक उत्तर-दक्षिण ट्रफ फैला हुआ है। इस संयोजन से तटीय इलाकों में गर्म और नम दक्षिणी हवाएं बह रही हैं। पश्चिमी घाट की भौगोलिक संरचना इस नमी को ऊपर उठाकर बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन रही है। हालांकि, आने वाली बारिश अधिक तीव्र या लंबे समय तक चलने वाली नहीं होगी। मुंबई में जब अरब सागर से आने वाली पश्चिमी हवाएं सीधे तट से टकराती हैं, तभी भारी बारिश होती है और यह पैटर्न आमतौर पर मानसून के आगमन पर बनता है।

बंगाल की खाड़ी में एक और सिस्टम सक्रिय

बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में निचले स्तर पर एक और चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। यह सिस्टम कल तमिलनाडु (मौसम देखें) तट के करीब पहुंच जाएगा और आंतरिक प्रायद्वीपीय भारत की ओर बढ़ने की संभावना है। इसके बाद में यह कोंकण और गोवा के नजदीक पहुंच सकता है। उम्मीद है कि यह सिस्टम समुद्र में पहले से मौजूद कमजोर परिसंचरण से मिलकर एक मजबूत प्रणाली बन जाए।

मई में इन दिनों में होगी बारिश

अरब सागर के सिस्टम की वजह से 15 से 18 मई के बीच मुंबई में कुछ गरज-चमक और बारिश हो सकती है, जो शाम और रात के समय होगी। वहीं, 19 मई को मौसम थोड़ा शांत रहेगा। इसके बाद बंगाल की खाड़ी से आने वाला दूसरा सिस्टम फिर से मौसम सक्रिय करेगा। जिससे मुंबई में 20 से 23 मई के बीच बारिश और गरज के साथ गतिविधि तेज हो सकती है। संभावना है कि अगले सप्ताह के आखिर तक अरब सागर के मध्य हिस्सों में एक प्री-मानसून वोर्टेक्स (घूर्णन) बन सकता है। इससे मुंबई और उसके उपनगरों में प्री-मानसून गतिविधियाँ लंबी और तेज हो सकती हैं।

author image

डिस्क्लेमर: यह जानकारी स्काइमेट की पूर्वानुमान टीम द्वारा किए गए मौसम और जलवायु विश्लेषण पर आधारित है। हम वैज्ञानिक रूप से सही जानकारी देने का प्रयास करते हैं, लेकिन बदलती वायुमंडलीय स्थितियों के कारण मौसम में बदलाव संभव है। यह केवल सूचना के लिए है, इसे पूरी तरह निश्चित भविष्यवाणी न मानें।

Skymet भारत की सबसे बेहतर और सटीक निजी मौसम पूर्वानुमान और जलवायु इंटेलिजेंस कंपनी है, जो देशभर में विश्वसनीय मौसम डेटा, मानसून अपडेट और कृषि जोखिम प्रबंधन समाधान प्रदान करती है