Skymet weather

[Hindi] दिल्ली में तापमान हर दिन एक नए रिकॉर्ड की ओर, फरवरी के आखिर तक पारा सामान्य से 8 डिग्री ऊपर पहुँच सकता है

February 24, 2021 1:43 PM |

दिल्ली में तापमान में पिछले 5 दिनों से लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। 19 फरवरी को अधिकतम तापमान जहां 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था वहीं 23 फरवरी तक आते-आते इसमें 5 डिग्री की वृद्धि हुई और यह 31.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। कल यानि 23 फरवरी को दिल्ली के सफदरजंग में दर्ज किया गया यह तापमान सामान्य से 7 डिग्री अधिक है। इससे पहले दिल्ली में इस साल तापमान 30 डिग्री के पार 10 फरवरी को गया था।

राष्ट्रीय राजधानी में 31 डिग्री से ऊपर तापमान 112 दिनों के बाद पहुंचा है। 112 दिन पहले 3 नवंबर 2020 को अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। इस समय जिस तरह का मौसम राजधानी में है उससे ऐसा लग रहा है जैसे तापमान समय से पहले ही लंबी छलांग लगाने की तैयारी किए बैठा है। आज यानि 24 फरवरी को पारा 32 डिग्री तक पहुँच सकता है।

फरवरी में इस तरह की गर्मी आमतौर पर कम ही देखने को मिलती है। पिछले 12 वर्षों में दो बार फरवरी में गर्मी अधिक रही थी। पहले 2017 में 21 फरवरी को 32.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया था और अगले ही वर्ष 2018 में 23 फरवरी को 32 डिग्री पर पारा पहुंचा था। इन 12 वर्षों में 6 वर्ष ऐसे रहे जब फरवरी महीने में अधिकतम तापमान 30 डिग्री के स्तर तक भी नहीं पहुंचा था। इन 6 वर्षों में 2019 और 2020 भी शामिल हैं। फरवरी में सबसे अधिक तापमान का रिकॉर्ड अब तक मौजूद मौसम के इतिहास में 2006 के नाम दर्ज है। 2006 में 26 फरवरी को अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।

इस साल फरवरी के बाकी बचे दिनों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री से ऊपर ही रहने वाला है। यह भी संभव है कि 32 डिग्री के आसपास रहेगा। इन चार-पाँच दिनों के दौरान धूप का प्रभाव काफी अधिक होगा जिससे आखिरी दो दिनों के दौरान गर्मी का और सख्त रूप देखने को मिल सकता है। इसके चलते दिल्ली के लिए 2021 का फरवरी महीना हाल के वर्षों में सबसे गर्म हो सकता है। फरवरी के आखिर तक रिकॉर्ड किए गए तापमान का औसत 27.5 डिग्री के आसपास हो सकता है जो औसत से 3.5 डिग्री अधिक होगा। फरवरी महीने का दिल्ली का अधिकतम औसत तापमान है 23.9 डिग्री सेल्सियस।

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try