Skymet weather

[Hindi] दिल्ली की सर्दी दशकों बाद दिखा रही है अपना असली रंग, अक्टूबर के बाद नवंबर और फिर दिसम्बर भी नए कीर्तिमान की ओर

November 28, 2020 8:30 AM |

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जिस तरह से इस बार तापमान गिरना शुरू हुआ है उससे लगता है कि सर्दी का दशकों लंबा रिकॉर्ड टूटने वाला है। दिल्ली में वर्ष 2020 का नवंबर महीना इस दशक का सबसे सर्द महीना होगा। 1 नवंबर से 27 नवंबर के बीच दर्ज किए गए तापमान का औसत है 10.4 डिग्री सेल्सियस। जबकि दिल्ली में पूरे नवंबर महीने का औसत तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस ठहरता है। यानी कि पूरे महीने के औसत तापमान से 2.5 डिग्री सेल्सियस कम तापमान नवंबर महीने में अब तक रिकॉर्ड किया गया है। नवंबर के अभी 3 दिन बाकी है और इन 3 दिनों में हर दिन न्यूनतम तापमान 1 या 2 डिग्री सेल्सियस नीचे जाएगा। इसके चलते नवंबर महीने का इस साल का औसत तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है जो पूरे महीने के औसत तापमान से लगभग 2.7 डिग्री सेल्सियस कम होगा।

नवंबर से पहले अक्टूबर ने भी कई नए रिकॉर्ड कायम किए और अक्टूबर महीना 2020 में 58 वर्षों में सबसे ठंडा महीना रहा। अक्टूबर में इस साल पूरे महीने का औसत न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले 16.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान अक्टूबर महीने में वर्ष 1962 में रिकॉर्ड किया गया था। अक्टूबर महीने का न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री है। अक्टूबर में औसत से 1.9 डिग्री सेल्सियस कम तापमान की तुलना में नवंबर में और अधिक सर्दी पड़ रही है क्योंकि इस महीने में औसत से लगभग 2.7 डिग्री कम औसत तापमान रहने की संभावना है।

इससे पहले भी 2020 के नवंबर महीने में पड़ रही सर्दी सुर्खियां बनी थी और यह कहा गया था कि 17 वर्षों में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। 23 नवंबर 2020 को न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री दर्ज किया गया जो 29 नवंबर, 2003 को दर्ज किए गए 6.1 डिग्री न्यूनतम तापमान से थोड़ा ही ज्यादा था। नवंबर 2020 में 6 दिन ऐसे रहे हैं जब न्यूनतम तापमान 1 अंक में यानि इकाई में दर्ज किया गया और वर्तमान स्थितियों के आधार पर हम यह कह सकते हैं कि बाकी बचे 3 दिनों में भी न्यूनतम तापमान 1 अंक में यानी 10 डिग्री से नीचे रहेगा। इसलिए 1 अंक वाले दिनों की संख्या बढ़कर नौ हो जाएगी। अक्टूबर और नवंबर के ही रास्ते पर दिसम्बर भी चलेगा। दिसम्बर का आरंभ भी कड़ाके की सर्दी के साथ होने जा रहा है।

Image credit: MensXP

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try