Skymet weather

[Hindi] रिमझिम फुहारों में 18 से 23 सितंबर के बीच भीग सकती है दिल्ली

September 16, 2015 4:56 PM |

Delhi Rain बारिश की रिमझिम फुहारों के लिए तरस रहे दिल्ली पर अगले 48 घंटों के बाद वरुण देव की कृपा बरसने की संभावना बन रही है। यूं तो दिल्ली और आसपास के भागों में बीते 2 दिनों से वातावरण में नमी बढ़ गई है और कहीं-कहीं बादल भी देखे जा रहे हैं। लेकिन बादलों की गर्जना के साथ बारिश की हल्की फुहारें शुक्रवार की शाम से मौसम का मिजाज बदल सकती हैं। दिल्ली और आसपास के भागों में बारिश की गतिविधियों की संभावना बन रही है।

बंगाल की खाड़ी में पिछले कई दिनों से एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जो देश के पूर्वी तटीय भागों को बीते 4-5 दिनों से प्रभावित कर रहा है। यह मौसमी हलचल धीरे-धीरे पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ रहा है और अगले 2-3 दिनों में तेलंगाना, विदर्भ और छत्तीसगढ़ को पार करते हुये महाराष्ट्र और गुजरात तक पहुँच जाएगा। इसके प्रभाव से ओड़ीशा, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और महाराष्ट्र में मौसम बदल गया है और इन भागों बारिश की गतिविधियां बीते 2-3 दिनों से जारी हैं। निम्न दबाव के प्रभाव से पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ-साथ देश के अन्य पूर्वी राज्यों में भी कुछ स्थानों पर बारिश की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं।

यह निम्न दबाव का क्षेत्र जल्द ही और प्रभावी होकर डिप्रेशन का रूप ले सकता है, जिससे मध्य भारत के अधिकांश भागों में बारिश की गतिविधियां बढ़ जाएंगी। यह मौसमी हलचल मध्य भारत को पार करने के बाद राजस्थान के पास से दिल्ली सहित उत्तर भारत के कुछ अन्य भागों को भी प्रभावित करेगी। इस मौसमी सिस्टम का उत्तर भारत में मुख्य असर 21 से 23 सितंबर के बीच रहेगा। इस दौरान उत्तर-पूर्वी राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ भागों में अच्छी बारिश हो सकती है।

यह सिस्टम उत्तर भारत के पहाड़ों पर पहुँचने वाले पश्चिमी विक्षोभ से ही आकर्षित होकर उत्तरवर्ती हो रहा है और उत्तर भारत के भागों की ओर इसके पहुँचने की संभावना बन रही है। पश्चिमी विक्षोभ के साथ मिलकर यह उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर में भी बारिश देगा।

Image Credit: The Hindu

 

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try