Skymet weather

[Hindi] लोकसभा चुनाव 2019: 23 अप्रैल को तीसरे चरण का मतदान और चुनावी क्षेत्रों में मौसम

April 22, 2019 5:53 PM |

General election 2019_Livemint 600लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण का मतदान 23 अप्रैल को होगा। इस चरण में 13 राज्यों और 2 केंद्र शासित क्षेत्रों की 116 लोकसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इस चरण में उत्तर प्रदेश की 10 लोकसभा सीटों पर मतदान होगा। 2014 में इनमें से सात सीटें भाजपा ने जीती थीं। मैनपुरी, बदायूं और फिरोजाबाद सीटें सपा के खाते में गयी थी।

इसके अलावा 12 अन्य राज्यों और दो केंद्र शासित क्षेत्रों में तीसरे चरण में ही वोट डाले जाएंगे। इस चरण में कुछ संसदीय क्षेत्रों में मतदाताओं को लू जैसी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। जबकि कहीं-कहीं बारिश होने की भी है संभावना।

14 राज्यों की किन-किन सीटों पर होगा चुनाव

गुजरात में लोकसभा की सभी 26 सीटों और विधानसभा की 4 सीटों के उपचुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मौसम: गुजरात में सभी शहरों में दिन का तापमान 40 डिग्री को पार कर जाएगा। यानि गर्मी चरम पर होगी। बारिश जैसी स्थितियों की संभावना बिलकुल नहीं है।

केरल की सभी 20 लोकसभा सीटों के लिए इसी चरण में मतदान होगा। मौसम: केरल में लगभग सभी संसदीय क्षेत्रों में बारिश का मौसम बना रहेगा। बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा देखने को मिल सकती है। इसलिए वोट डालने जाते समय छतरी ज़रूर लेकर जाएँ।

महाराष्ट्र में जलगांव, रावेर, जालना, औरंगाबाद, रायगढ़, पुणे, बारामती, अहमदनगर, मढ़ा, सांगली, सातारा, रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग, कोल्हापुर, हटकानांगले में वोट डाले जाएंगे। मौसम: महाराष्ट्र में तटीय भागों को छोड़कर सभी भागों में लू चलेगी। प्रचंड गर्मी मतदान कर्मियों और मतदाताओं के पसीने छुड़ा सकती है।

कर्नाटक में चिक्कोडी, बेलगांव, बागलकोट, बीजापुर, गुलबर्गा, रायचूर, बीदर, कोप्पल, बेल्लारी, हावेरी, धारवाड़ा, उत्तरी कन्नड़, दावणगेरे और शिमोगा लोकसभा क्षेत्रों में वोट डाले जाएंगे। मौसम: कर्नाटक के दक्षिणी भागों में बारिश की संभावना है जबकि बाकी हिस्सों में मौसम साफ और सहज रहेगा।

उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद, रामपुर, संभल, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला, बरेली और पीलीभीत। मौसम: उत्तर प्रदेश में भी सभी शहरों में मौसम शुष्क और काफी गर्म होगा। कहीं-कहीं पर लू जैसी स्थितियाँ बन सकती हैं।

ओडिशा में संबलपुर, क्योंझार गढ़, ढेंकानाल, कटक, पुरी और भुवनेश्वर। मौसम: यहाँ पूरी को छोड़कर बाकी निर्वाचन क्षेत्रों में गर्मी अधिक होगी। बादलों की गर्जना के साथ बूँदाबाँदी की संभावना है।

छत्तीसगढ़ में रायपुर, सरगुजा, जांजगीर-चंपा, कोरबा, बिलासपुर, दुर्ग। मौसम: राज्य के कुछ हिस्सों में बादलों की गर्जना के साथ बारिश हो सकती है। राज्य में अपेक्षाकृत कम होगा गर्मी का प्रकोप।

पश्चिम बंगाल में बालुरघाट, मालदा उत्तर, मालदा दक्षिण, जंगीपुर और मुर्शिदाबाद। मौसम: राज्य में कुछ स्थानों पर है बारिश की संभावना तापमान अधिकांश भागों में 35 डिग्री से नीचे रहेगा।

बिहार में खगड़िया, झंझारपुर, सुपौल, अररिया, मधेपुरा में होगा चुनाव। मौसम: बिहार में तापमान तेज़ी से बढ़ रहा है। कई शहरों में तापमान 38-40 डिग्री के बीच रहेगा। बारिश की नहीं है उम्मीद।

असम में चार सीटों धुबड़ी, कोकराझार, बारपेटा, गुवाहाटी पर होगा मतदान। मौसम: असम में कहीं-कहीं हो सकती है वर्षा। हालांकि मौसम मतदान में नहीं बनेगा बाधा।

जम्मू-कश्मीर में अनंतनाग जिले में वोट डाले जाएंगे। राज्य में हल्की वर्षा के हैं आसार।

तीसरे चरण के मतदान में गोवा की 2, तथा दादरा और नगर हवेली, दमण और दीव एवं त्रिपुरा की भी एक-एक सीटों पर मतदान होगा। इसी चरण के साथ ओड़ीशा में विधानसभा की 42 सीटों के लिए भी मतदान होगा।

Image credit: Live Mint

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try