मानसून ने रचा नया इतिहास, मुंबई में 35 सालों में पहुंचा सबसे जल्दी, जानें आगे कैसी रहेगी बारिश ?

By: skymet team | Edited By: skymet team
May 27, 2025, 2:00 PM
WhatsApp icon
thumbnail image

मुंबई में भीषण बारिश, फोटो: PTI

दक्षिण-पश्चिम मानसून ने इस बार बेहद तेज शुरुआत की है। 24 मई को केरल में प्रवेश करने के बाद यह 25 मई को महाराष्ट्र के दक्षिणी छोर तक पहुंच गया। यह पिछले 35 वर्षों में महाराष्ट्र में मानसून की सबसे जल्दी दस्तक थी। अगले ही दिन यानी 26 मई को मुंबई तक मानसून की तेज धार पहुँच गई, जिससे शहर के उपनगरों में 100 मिमी से अधिक बारिश हुई।

इतिहास में सबसे जल्दी पहुंचा मानसून

मुंबई में इस बार मानसून का आना अब तक सबसे जल्दी रहा है, जिससे मानसून ने 29 मई के पहले के रिकॉर्ड (1956, 1962 और 1971) को पीछे छोड़ दिया। यह रिकॉर्ड करीब 50 साल में पहली बार टूटा है और इसे अगले कुछ दशकों तक तोड़ पाना मुश्किल है। अरब सागर के मध्य-पूर्वी हिस्से में बना डिप्रेशन इस जल्दी मानसून की मुख्य वजह रहा। यह सिस्टम बाद में कमजोर होकर लो प्रेशर बना और महाराष्ट्र में जाकर भारी बारिश का कारण बना।

मुंबई ने तोड़ा 100 साल का रिकॉर्ड

मुंबई के दोनों आधिकारिक वेधशालाओं सांताक्रूज और कोलाबा में 24 घंटे लगातार भारी बारिश दर्ज की गई। मई का महीना आमतौर पर मुंबई में सूखा ही रहता है, जहां औसत बारिश सिर्फ 11 मिमी होती है। लेकिन इस बार कोलाबा में 455 मिमी बारिश हो चुकी है, जो जून महीने की औसत (493 मिमी) के करीब पहुंच गई है। यह 1918 के पुराने रिकॉर्ड 279.4 मिमी को भी पार कर गया है। सांताक्रूज में भी 334.7 मिमी बारिश हुई, हालांकि यह अभी भी मई 2000 के 387 मिमी से थोड़ा कम है। यह मुंबई के लिए पिछले 100 वर्षों में सबसे अधिक बारिश वाला मई रहा है।

अब धीरे-धीरे शांत होगा मौसम

मौसम अब शहर और आसपास के इलाकों में थोड़ा शांत होने वाला है। मध्य महाराष्ट्र पर बना कम दबाव अब कमजोर होकर निचले स्तर पर चक्रवाती परिसंचरण (cyclonic circulation) में बदल गया है, जो जल्द ही खत्म हो सकता है। हालांकि, अरब सागर में कोंकण तट के पास एक और परिसंचरण बना हुआ है, जो पहले के सिस्टम के बचे प्रभाव के साथ मिलकर कोंकण में बारिश को सक्रिय बनाए हुए है।

मुंबई में बारिश होगी हल्की

अब मुंबई और उसके उपनगरों में बारिश की तीव्रता और दायरा कम होता जाएगा। आज 27 मई को बादल छाए रहेंगे, हल्की से मध्यम बारिश होगी और कहीं-कहीं एक-दो बार भारी बौछारें पड़ सकती हैं। लेकिन अब हालात बिगड़ने की संभावना नहीं है। कल(28 मई) से शहर में केवल रुक-रुक कर हल्की बारिश होने की संभावना है बिल्कुल वैसे जैसे मुंबई का सामान्य मानसून होता है। ऐसे हालात अगले एक हफ्ते तक बने रह सकते हैं। अब मानसून की अगली तेज लहर का इंतजार करना पड़ेगा।

author image

डिस्क्लेमर: यह जानकारी स्काइमेट की पूर्वानुमान टीम द्वारा किए गए मौसम और जलवायु विश्लेषण पर आधारित है। हम वैज्ञानिक रूप से सही जानकारी देने का प्रयास करते हैं, लेकिन बदलती वायुमंडलीय स्थितियों के कारण मौसम में बदलाव संभव है। यह केवल सूचना के लिए है, इसे पूरी तरह निश्चित भविष्यवाणी न मानें।

Skymet भारत की सबसे बेहतर और सटीक निजी मौसम पूर्वानुमान और जलवायु इंटेलिजेंस कंपनी है, जो देशभर में विश्वसनीय मौसम डेटा, मानसून अपडेट और कृषि जोखिम प्रबंधन समाधान प्रदान करती है